Logo

गुजरात: पावागढ़ मंदिर में बड़ा हादसा, रोपवे टूटा, 6 की मौत

गुजरात के पंचमहल जिले में स्थित पावागढ़ महाकाली मंदिर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। मंदिर निर्माण कार्य के लिए इस्तेमाल होने वाला कार्गो रोपवे टूट गया, जिससे ट्रॉली नीचे गिर गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई

👤 Saurabh 06 Sep 2025 06:13 PM

गुजरात के पंचमहल जिले में स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल पावागढ़ से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां शनिवार को मंदिर निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाला कार्गो रोपवे टूट गया। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, पावागढ़ महाकाली मंदिर और यज्ञशाला के निर्माण के लिए ऊँचाई पर भारी सामान पहुंचाने के लिए इस रोपवे का इस्तेमाल किया जा रहा था। लेकिन अचानक केबल तार टूट जाने से ट्रॉली नीचे गिर गई और यह बड़ा हादसा हो गया।

स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव व राहत कार्य शुरू किया। पंचमहल के डीएसपी हर्ष दुधात ने बताया कि हादसे के वक्त ट्रॉली में निर्माण सामग्री के साथ लोग भी सवार थे। रस्सी टूटते ही सब नीचे गिर पड़े, जिससे मौके पर ही मौतें हो गईं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पावागढ़ महाकाली मंदिर गुजरात के सबसे प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। यह मंदिर समुद्र तल से करीब 1,471 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यहां पहुंचने के लिए लगभग 2,000 सीढ़ियाँ चढ़नी पड़ती हैं। लोगों की सुविधा के लिए यहां पैसेंजर रोपवे भी बनाया गया है, जिससे रोजाना हजारों श्रद्धालु मंदिर जाते हैं। हालांकि अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम की वजह से शनिवार सुबह से ही यात्रियों के लिए रोपवे बंद था।

पावागढ़ पहाड़ी चंपानेर से शुरू होती है और तीन चरणों में ऊपर तक जाती है। यह जगह धार्मिक और पर्यटन दोनों दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। हर साल लगभग 25 लाख श्रद्धालु यहां माता काली के दर्शन करने आते हैं।

इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रोपवे टूटने की असली वजह क्या थी।