Logo

RCB ने किया IPL इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा रन चेज, क्वालिफायर-1 में बनाई जगह

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराकर आईपीएल 2025 के क्वालिफायर-1 में जगह बना ली। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 227 रन बनाए, जिसमें कप्तान ऋषभ पंत ने नाबाद 118 रन की धमाकेदार पारी खेली।

👤 Saurabh 27 May 2025 11:55 PM

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मंगलवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 228 रन का लक्ष्य हासिल कर IPL इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा रन चेज करते हुए क्वालिफायर-1 में जगह बना ली। मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला गया, जिसमें RCB ने 4 विकेट खोकर लक्ष्य पूरा किया। इस जीत के साथ बेंगलुरु ने अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया और अब 29 मई को पंजाब किंग्स के खिलाफ क्वालिफायर-1 खेलेगी।

बेंगलुरु के कप्तान जितेश शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 33 गेंदों पर नाबाद 85 रन बनाए। मयंक अग्रवाल ने उनका साथ देते हुए 23 गेंदों पर नाबाद 41 रन बनाए और दोनों ने मिलकर 107 रन की मैच जिताऊ साझेदारी की। विराट कोहली ने 54 रनों की अहम पारी खेली। यह कोहली का इस सीजन में 8वां और IPL करियर का 63वां अर्धशतक रहा। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने डेविड वॉर्नर (62 फिफ्टी) को पीछे छोड़ते हुए IPL में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

बता दें कि इससे पहले RCB ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। लखनऊ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 227 रन बनाए। कप्तान ऋषभ पंत ने धमाकेदार अंदाज में 61 गेंदों पर नाबाद 118 रन ठोके, जिसमें 11 चौके और 8 छक्के शामिल थे। मिचेल मार्श ने भी 67 रन की पारी खेली।

अब पंजाब से टक्कर, फाइनल का सीधा रास्ता दांव पर

आरसीबी ने लीग स्टेज को टॉप-2 में खत्म कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। टॉप-2 में आने का फायदा यह है कि टीम अब क्वालिफायर-1 में पंजाब किंग्स से भिड़ेगी। इस मुकाबले की विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जबकि हारने वाली को क्वालिफायर-2 में एक और मौका मिलेगा। यह डबल चांस आरसीबी के लिए गोल्डन अपॉर्च्युनिटी है, खासकर तब जब टीम सालों से अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी की तलाश में है।