Logo

AI171 विमान हादसा: 169 भारतीय, ब्रिटेन के 53, पुर्तगाल के 7 और 1 कनाडाई क्रैश विमान में यात्री; ये रहीं पैसेंजर्स लिस्ट, 100 से ज्यादा शव बरामद

गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश हो गई। इस भीषण हादसे में अब तक 100 से ज्यादा शवों के बरामद होने की खबर सामने आई है।

👤 Saurabh 12 Jun 2025 04:19 PM

Ai171 Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार को एक दिल दहलाने वाला विमान हादसा हुआ। एयर इंडिया की फ्लाइट AI171, जो अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए रवाना हुई थी, टेकऑफ के कुछ ही सेकेंड बाद क्रैश हो गई। हादसे के बाद विमान आग के गोले में बदल गया और आसमान में घना काला धुआं छा गया।

विमान में कितने यात्री सवार थे?

इस फ्लाइट में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें शामिल हैं:

169 भारतीय नागरिक

53 ब्रिटिश नागरिक

7 पुर्तगाली नागरिक

1 कनाडाई नागरिक

इसके अलावा, विमान में 2 पायलट और 10 केबिन क्रू सदस्य मौजूद थे।

पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी थे विमान में

सूत्रों के मुताबिक, विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे। हालांकि, अभी तक उनकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

राहत और बचाव कार्य

NDRF की 6 टीमें मौके पर तैनात की गई हैं।

दमकल की 7 गाड़ियां, पुलिस और एम्बुलेंस राहत कार्यों में लगी हैं।

घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती किया गया है।

एयर इंडिया ने परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया है।

एयर इंडिया का जो विमान हादसे का शिकार हुआ, वह एक बिल्डिंग से टकरा गया। यह इमारत इंटर्न डॉक्टर्स का हॉस्टल थी, जहां करीब 50 से 60 डॉक्टर्स रह रहे थे। जानकारी के मुताबिक सभी के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। इस हॉस्टल के पास ही रेजिडेंट डॉक्टर्स का एक और ब्लॉक भी था।

पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया है और गृह मंत्री अमित शाह व नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद दी जाए। नायडू खुद अहमदाबाद रवाना हो चुके हैं।

यूनाइटेड किंगडम के पीएम ने कहीं ये बात

यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने ट्वीट किया, "लंदन जाने वाले विमान, जिसमें कई ब्रिटिश नागरिक सवार थे, के भारतीय शहर अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त होने के दृश्य विनाशकारी हैं। जैसे-जैसे स्थिति विकसित हो रही है, मुझे अपडेट किया जा रहा है, और इस अत्यंत दुखद समय में मेरी संवेदनाएं यात्रियों और उनके परिवारों के साथ हैं।"

ब्रिटेन सरकार ने के तरफ से बयान

ब्रिटेन सरकार ने कहा, हमें अहमदाबाद में हुए विमान हादसे की जानकारी है। ब्रिटेन भारत में स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर तत्काल तथ्यों को जानने और इसमें शामिल लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए काम कर रहा है। जिन ब्रिटिश नागरिकों को वाणिज्य दूतावास संबंधी सहायता की आवश्यकता है या जिन्हें अपने मित्रों या परिवार के बारे में चिंता है, उन्हें 020 7008 5000 पर कॉल करना चाहिए।

गौतम अडानी ने जताया दुख

अडानी समूह के अध्यक्ष गौतम अडानी ने ट्वीट किया, "हम एयर इंडिया फ़्लाइट 171 की त्रासदी से स्तब्ध और बहुत दुखी हैं। हमारी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्हें अकल्पनीय क्षति हुई है। हम सभी अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और ज़मीन पर मौजूद परिवारों को पूरा समर्थन दे रहे हैं।"

एयर इंडिया का बयान

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा: "बहुत दुख के साथ मैं पुष्टि करता हूं कि अहमदाबाद लंदन गैटविक उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट 171 आज दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हमारी संवेदनाएं इस विनाशकारी घटना से प्रभावित सभी लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं। इस समय, हमारा प्राथमिक ध्यान सभी प्रभावित लोगों और उनके परिवारों का साथ देने पर है। हम साइट पर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों की सहायता करने और प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता और देखभाल प्रदान करने के लिए शक्ति में सब कुछ कर रहे हैं। जैसे ही हमें और अधिक सत्यापित जानकारी प्राप्त होगी, आगे के अपडेट साझा किए जाएंगे। एक आपातकालीन केंद्र सक्रिय कर दिया गया है और जानकारी मांगने वाले परिवारों के लिए सहायता टीम स्थापित की गई है।"

सीएम योगी ने जताया दुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "अहमदाबाद में एक दुखद दुर्घटना हुई है। एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। यह लंदन जा रहा था। बहुत सारे यात्रियों की जान चली गई है। मैं यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं... शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं..."