Logo

हां, मैंने वही कहा.. राम कपूर का हालिया मजाक क्यों बना विवाद, चुप्पी तोड़ मांगी माफी

वेब सीरीज ‘मिस्त्री’ के प्रमोशन के दौरान अभिनेता राम कपूर ने काम के प्रेशर की तुलना किसी ऐसी चीज से कर दी, जिससे विवाद खड़ा हो गया. उन्हें प्रमोशन इवेंट से बाहर कर दिया गया. अब राम ने इस पर रिएक्ट करते हुए कहा कि उन्होंने गलती मानी है और माफी भी मांगी है.

👤 Samachaar Desk 26 Jun 2025 09:46 AM

राम कपूर, जो अपनी दमदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं, इन दिनों वेब सीरीज ‘मिस्त्री’ को लेकर सुर्खियों में हैं. लेकिन इस बार वजह उनके अभिनय से ज्यादा उनके शब्द बन गए हैं. प्रमोशन इवेंट के दौरान उन्होंने एक ऐसा आपत्तिजनक बयान दे दिया, जिससे माहौल ही बिगड़ गया. बात इतनी बढ़ गई कि उन्हें सीरीज के प्रमोशन इवेंट से बाहर कर दिया गया.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राम कपूर ने इंटरव्यूज की थकान को लेकर एक भद्दी तुलना कर दी. उन्होंने वर्क प्रेशर को "गैंगरेप" जैसी स्थिति से जोड़ दिया, जिससे वहां मौजूद टीम और पत्रकार खासा असहज हो गए. एक महिला पत्रकार उस वक्त उनका माइक सेट कर रही थी और इसी बीच उन्होंने ये कमेंट कर दिया. एक इनसाइडर ने बताया कि उनके जोक्स की टोन और कंटेंट बेहद अनप्रोफेशनल थे.

राम कपूर ने कबूली अपनी गलती

विवाद गहराने के बाद अब राम कपूर ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने ETimes को दिए इंटरव्यू में माना कि जो कहा, वह अनजाने में सही, लेकिन गलत था. उन्होंने कहा, “हां, मैंने वही कहा है, जो रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है. यानी मैं दोषी हूं. लेकिन मेरा मकसद किसी को दुख पहुंचाने का नहीं था.” राम ने ये भी कहा कि वह अपने कंफर्ट जोन में बातें करते हुए सहज हो जाते हैं, लेकिन इस बार शब्दों की सीमा लांघ दी.

टीम से मांगेंगे माफी, ओटीटी का फैसला माना जायज

राम कपूर ने आगे कहा कि उन्हें अफसोस है कि उनके शब्दों ने दूसरों को तकलीफ पहुंचाई. उन्होंने यह भी जोड़ा कि जिस ओटीटी प्लेटफॉर्म ने उन्हें प्रमोशन से बाहर किया, उनका फैसला सही था. राम ने वादा किया कि वह व्यक्तिगत रूप से उन सभी टीम मेंबर्स से माफी मांगेंगे जिन्हें उनकी बातों से ठेस पहुंची.

अब देखना ये है कि इस विवाद का सीरीज की पॉपुलैरिटी और राम कपूर के करियर पर क्या असर पड़ता है. सोशल मीडिया पर भी इस बयान को लेकर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.