Logo

पंजाब में लापरवाह अफसरों की शामत! मंत्री गुरमीत सिंह ने दी खुली चेतावनी- अब नहीं चलेगा ढीला ढाला रवैया

पंजाब के कृषि और किसान कल्याण मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने उन अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्ती शुरू कर दी है जो गुणवत्ता नियंत्रण मुहिम में पीछे चल रहे हैं. मंत्री ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई वाली सरकार किसानों की भलाई के लिए कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं करेगी.

👤 Golu Dwivedi 26 Jun 2025 01:07 PM

पंजाब के कृषि और किसान कल्याण मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने उन अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्ती शुरू कर दी है जो गुणवत्ता नियंत्रण मुहिम में पीछे चल रहे हैं. मंत्री ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई वाली सरकार किसानों की भलाई के लिए कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं करेगी. इसी के तहत उन्होंने खराब प्रदर्शन करने वाले जिलों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं। साथ ही साप्ताहिक समीक्षा प्रणाली लागू कर जवाबदेही सुनिश्चित करने पर ज़ोर दिया गया है.

खुड्डियां ने मंगलवार को कृषि विभाग के प्रशासनिक सचिव डॉ. बसंत गर्ग के साथ विभाग की योजनाओं, प्रोजेक्ट्स और खरीफ सीजन की तैयारियों की गहन समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने खराब प्रदर्शन पर गहरी चिंता जताई और कृषि डायरेक्टर को निर्देश दिया कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं.

गुणवत्ता नियंत्रण में लापरवाही पर नहीं होगी कोई ढिलाई बैठक के दौरान कृषि मंत्री ने गुणवत्ता नियंत्रण के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों से पिछड़ रहे जिलों का सख्त संज्ञान लिया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को उच्च गुणवत्ता वाली कृषि सामग्री देना चाहती है और इसमें कोई समझौता नहीं होगा. उन्होंने कृषि डायरेक्टर को निर्देश दिया कि सैंपलिंग प्रक्रिया की साप्ताहिक समीक्षा अनिवार्य रूप से हो ताकि सुधार की गुंजाइश को समय रहते भांपा जा सके.

खराब ब्रांडिंग और घटिया गुणवत्ता पर दर्ज हुईं एफआईआर

कृषि विभाग के डायरेक्टर जसवंत सिंह ने बताया कि 1 अप्रैल 2025 से अब तक कीटनाशकों के 826 नमूने लिए गए, जिनमें से 16 गलत ब्रांडिंग के पाए गए. खाद के 737 नमूनों में से 11 घटिया गुणवत्ता के निकले, जिन पर 2 एफआईआर दर्ज की गईं हैं. वहीं बीजों के 2113 सैंपलों में से 49 तय मानकों पर खरे नहीं उतरे. उन्होंने यह भी बताया कि दोषी फर्मों और डीलरों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई है ताकि किसान ठगी का शिकार न हों.

फ्लाइंग स्क्वॉड टीमों का गठन, सख्त निगरानी

किसानों के हितों की रक्षा के लिए विभाग ने पांच फ्लाइंग स्क्वॉड टीमें तैनात की हैं, जो कृषि सामग्री की गुणवत्ता की गहन निगरानी करेंगी. डॉ. बसंत गर्ग ने कहा कि हर जिले में लक्ष्यों के अनुसार सैंपलिंग को सुनिश्चित किया जाए और समय रहते कार्रवाई हो. उन्होंने लगातार निगरानी और समय पर दखल देने की आवश्यकता पर बल दिया. बैठक के दौरान राज्य में खरीफ फसलों की बुवाई की प्रगति की भी समीक्षा की गई. मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे खेतों में जाकर जमीनी हकीकत जानें और किसानों को हर संभव सहयोग मुहैया कराएं.