Logo

दिल्ली पहुँचा अफगानी लड़का विमान के लैंडिंग गियर में छिपकर

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को एक अजीब मामला सामने आया। अफगानिस्तान के कुंदुज शहर का 13 वर्षीय लड़का KAM एयरलाइंस की उड़ान में लैंडिंग गियर के डिब्बे में छिपकर दिल्ली पहुँच गया।

👤 Saurabh 23 Sep 2025 11:24 AM

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। अफगानिस्तान का 13 साल का एक लड़का बिना किसी टिकट और पासपोर्ट के विमान के लैंडिंग गियर में छिपकर दिल्ली पहुँच गया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे हुई, जब काबुल से दिल्ली आई KAM एयरलाइंस की उड़ान संख्या RQ-4401 दिल्ली में उतरी। विमान जैसे ही रनवे पर पहुँचा, एयरलाइन स्टाफ ने एक नाबालिग लड़के को विमान के आसपास घूमते हुए देखा। तुरंत सुरक्षा कर्मियों को बुलाया गया और लड़के को पकड़ लिया गया।

जांच में पता चला कि यह लड़का अफगानिस्तान के कुंदुज शहर का रहने वाला है। उसने अधिकारियों को बताया कि वह जिज्ञासावश काबुल एयरपोर्ट में घुस गया था। मौका पाकर वह विमान के पिछले हिस्से में बने लैंडिंग गियर डिब्बे में चढ़ गया और वहीं छिपकर उड़ान भर गया। लगभग दो घंटे की यात्रा के बाद जब विमान दिल्ली पहुँचा तो वह सुरक्षित बाहर निकल आया।

एयरलाइन और सुरक्षा अधिकारियों ने उसे तुरंत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के हवाले कर दिया। पूछताछ में उसने बार-बार यही कहा कि उसने यह सब केवल जिज्ञासा के कारण किया था।

पूछताछ पूरी होने के बाद एयरलाइन ने उसी उड़ान से लड़के को वापस अफगानिस्तान भेज दिया। दोपहर करीब 12:30 बजे KAM एयरलाइंस की वापसी उड़ान में उसे काबुल भेज दिया गया।

एयरलाइन सुरक्षा टीम ने लैंडिंग गियर डिब्बे की पूरी तरह जांच की। इस दौरान उन्हें वहां एक छोटा लाल रंग का स्पीकर भी मिला, जो संभवतः उस लड़के का था। बाद में विमान को गहन जांच के बाद सुरक्षित घोषित कर दिया गया।

यह घटना सुरक्षा के लिहाज से बड़ी चिंता का विषय है। सवाल उठता है कि इतना कड़ा सुरक्षा घेरा होने के बावजूद 13 साल का बच्चा कैसे एयरपोर्ट और फिर विमान के लैंडिंग गियर डिब्बे तक पहुँच गया।