इन दिनों सोशल मीडिया पर एक दिलचस्प अफवाह वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया गया कि नागपुर के मशहूर डॉली चायवाला को Starbucks India ने अपना ब्रांड एंबेसडर बना लिया है. स्टाइलिश लुक, यूनिक अंदाज़ और सोशल मीडिया की बदौलत मशहूर हो चुके डॉली चायवाला एक बार फिर चर्चा में हैं. लेकिन क्या वाकई डॉली अब Starbucks का चेहरा बन गए हैं? आइए जानते हैं इस वायरल खबर के पीछे की सच्चाई.
यह पूरा मामला शुरू हुआ एक अप्रैल फूल मीम से, जिसमें दावा किया गया था कि Starbucks ने नागपुर के लोकप्रिय चायवाले डॉली को भारत में अपना ब्रांड एंबेसडर बना लिया है. मीम में डॉली की तस्वीर को स्टारबक्स के लोगों के साथ जोड़कर एक प्रोफेशनल विज़ुअल तैयार किया गया, जिसे देखकर लोगों ने बिना किसी जांच-पड़ताल के वायरल करना शुरू कर दिया.
View this post on Instagram
स्टारबक्स ने दी सफाई
जब यह खबर तेजी से वायरल होने लगी तो आखिरकार Starbucks India को खुद सामने आकर स्पष्टीकरण देना पड़ा. टाटा स्टारबक्स ने अपने आधिकारिक LinkedIn अकाउंट पर साफ किया कि,
“हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि भारत में टाटा स्टारबक्स का कोई आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर नहीं है और हमने डॉली चायवाला के साथ कोई साझेदारी नहीं की है.”
कंपनी ने यह भी जोड़ा कि जो मीम वायरल हो रहा है, वह किसी तीसरे पक्ष द्वारा बनाया गया था और लोगों ने इसे गलती से कंपनी का ऑफिशियल कैंपेन मान लिया.
कौन हैं डॉली चायवाला?
डॉली चायवाला, जिनका असली नाम सुनील पाटिल है, नागपुर में चाय बेचते हैं लेकिन उनका अंदाज़ उन्हें खास बनाता है. पिछले साल तब उनकी पहचान और बढ़ गई, जब माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वे डॉली की चाय की दुकान पर चाय पीते नजर आए. इसके बाद से डॉली की लोकप्रियता सोशल मीडिया पर कई गुना बढ़ चुकी है. उनके हेयरस्टाइल, गॉगल्स, और फैशन सेंस की काफी चर्चा होती है.
डॉली चायवाला वाकई इंटरनेट सनसनी बन चुके हैं, लेकिन फिलहाल उन्हें Starbucks India का ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने की खबर महज एक अफवाह है. हालांकि, इस खबर ने यह जरूर साबित कर दिया कि एक चायवाले की लोकप्रियता किसी बड़े ब्रांड से कम नहीं!
➤