Logo

ChatGPT: हर दिन 1 अरब बार सर्च! लेकिन क्या हर काम में भरोसा करना सही है?

ChatGPT ने 2022 में लॉन्च होने के बाद से दुनियाभर में तेजी से लोकप्रियता पाई और अब हर दिन 1 अरब बार सर्च किया जाता है. लेकिन मेडिकल, कानूनी और इन्वेस्टमेंट से जुड़े मामलों में इस पर पूरी तरह निर्भर रहना जोखिमभरा हो सकता है.

👤 Samachaar Desk 29 Jun 2025 08:16 PM

2022 में लॉन्च होने के बाद से ChatGPT ने तकनीक की दुनिया में तहलका मचा दिया है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित यह टूल इतनी तेजी से लोकप्रिय हुआ है कि आज हर दिन 1 अरब बार सर्च किया जाता है. यह आंकड़ा इसे गूगल जैसी दिग्गज कंपनी की रफ्तार से भी आगे ले जाता है. लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या ChatGPT हर चीज के लिए भरोसेमंद है?

ChatGPT की ताकतें

आज के समय में ChatGPT का इस्तेमाल राइटिंग, कोडिंग, रिसर्च, कस्टमर सर्विस, ट्रैवल प्लानिंग और स्किल्स सुधारने जैसे कामों में धड़ल्ले से किया जा रहा है. यह एक वर्चुअल टीचर की तरह काम करता है, जो आपको सवालों के जवाब देने, समझाने और सिखाने में मदद करता है.

हाल ही में एक वायरल ट्रेंड में लोग ChatGPT से अपने फोटो को एनीमे स्टाइल में बदलवाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं. ऐसे में यह न केवल जानकारी देने वाला टूल है, बल्कि मनोरंजन का साधन भी बन चुका है.

किन मामलों में ChatGPT पर भरोसा न करें

1. मेडिकल सलाह: कई लोग सेहत से जुड़ी जानकारी के लिए ChatGPT की मदद लेते हैं, लेकिन यह डॉक्टर नहीं है. किसी भी बीमारी या दवा से जुड़ी सलाह के लिए असली डॉक्टर से संपर्क करें.

2. हैकिंग या अवैध जानकारी: ChatGPT किसी भी प्रकार की गैरकानूनी जानकारी जैसे ईमेल या सोशल मीडिया हैकिंग की जानकारी नहीं देता. ऐसे सवालों पर यह आपको सख्ती से रोक देता है.

3. कानूनी सलाह: कानूनी मामलों की जटिलता को देखते हुए, ChatGPT से मिली सलाह पर कानूनन भरोसा नहीं किया जा सकता. वकील से सलाह लेना ही बेहतर होता है.

4. निवेश की भविष्यवाणी: शेयर बाजार या बिटकॉइन में निवेश को लेकर ChatGPT से सलाह लेना जोखिम भरा हो सकता है क्योंकि इसकी जानकारी अक्सर पुराने डेटा पर आधारित होती है.

5. खतरनाक या हिंसक जानकारी: बम बनाने या किसी को नुकसान पहुंचाने जैसी जानकारी पर यह AI टूल तुरंत मना कर देता है. सुरक्षा और नैतिकता इसकी पहली प्राथमिकता है.

ChatGPT एक बेहद शक्तिशाली टूल है, लेकिन हर चीज के लिए इसका इस्तेमाल समझदारी नहीं है. इसे एक सहायक की तरह इस्तेमाल करें, लेकिन डॉक्टर, वकील और निवेश सलाहकार जैसे मामलों में इंसानों पर ही भरोसा रखें.