Google ने एक बार फिर अपने AI विजन को अगले स्तर पर पहुंचाते हुए Gemini AI चैटबॉट को सिर्फ स्मार्टफोन्स तक सीमित ना रखने का फैसला किया है. अब ये AI तकनीक Wear OS, Android TV, Android Auto और Android XR जैसे अन्य एंड्रॉइड डिवाइसेज पर भी उपलब्ध कराई जाएगी.‘The Android Show: I/O Edition’ इवेंट के दौरान गूगल ने ये जानकारी साझा की, जो कि Google I/O 2025 इवेंट से ठीक पहले आयोजित हुआ था. इससे ये स्पष्ट हो गया है कि गूगल अपनी AI क्षमताओं को व्यापक प्लेटफॉर्म पर ले जाने की पूरी तैयारी में है.
गूगल ने अपने ब्लॉग पोस्ट में विस्तार से बताया कि किस तरह Gemini AI आने वाले समय में स्मार्टवॉच, कार, टीवी और यहां तक कि XR डिवाइसेज़ जैसे हेडसेट और स्मार्टग्लासेस में भी यूजर्स को हैंड्स-फ्री अनुभव देगा. इससे यूजर्स रोजमर्रा के कार्यों को AI के सहारे और भी सहजता से पूरा कर सकेंगे.
Wear OS पर Gemini AI के आने से यूजर्स अब अपनी स्मार्टवॉच से सीधे चैटबॉट से संवाद कर सकेंगे. यूजर्स रिमाइंडर सेट कर सकते हैं, सवाल पूछ सकते हैं, ईमेल से जानकारी निकाल सकते हैं और भी बहुत कुछ- वो भी बिना फोन निकाले.
गाड़ियों में अब इनबिल्ट Gemini सपोर्ट मिलेगा, जिससे यूजर्स आवाज के जरिए रूट नेविगेशन, मैसेज समरी, टेक्स्ट ट्रांसलेशन और अन्य कार्य आसानी से कर सकेंगे. ‘Gemini Live’ फीचर की मदद से यूजर्स ड्राइव करते समय लेटेस्ट न्यूज़ सुन सकते हैं, जानकारी हासिल कर सकते हैं या आसान सवालों के जवाब पा सकते हैं- वो भी बिना ध्यान भटकाए.
Android TV पर Gemini AI अब आपकी मनोरंजन जरूरतों को बिना रिमोट छुए पूरा करेगा. यूजर अपनी पसंदीदा फिल्मों की सिफारिश मांग सकते हैं या बच्चों के लिए उपयुक्त कंटेंट ढूंढ़ सकते हैं. इसके अलावा, अगर आप या आपके बच्चे किसी विषय पर ज्यादा जानना चाहते हैं तो Gemini यूट्यूब वीडियो भी सुझा सकता है.
गूगल और सैमसंग मिलकर XR डिवाइसेज जैसे स्मार्टग्लासेस और हेडसेट्स पर Gemini AI ला रहे हैं. इससे यूजर्स सवाल पूछने, सुझाव पाने, क्वेरी सॉल्व करने और कई अन्य काम AI की मदद से कर सकेंगे. ये फीचर Apple Vision Pro और Ray-Ban Meta Glasses को सीधी टक्कर देगा.