Google Alert: गूगल ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए एक अहम सुरक्षा चेतावनी जारी की है. कंपनी के अनुसार, जो स्मार्टफोन Android 12 या उससे पुराने वर्जन पर चल रहे हैं, उन्हें अब आगे कोई नया सिक्योरिटी अपडेट नहीं मिलेगा. इसका मतलब यह है कि ऐसे फोन अब पहले के मुकाबले ज्यादा असुरक्षित हो गए हैं. हैकर्स के लिए उन फोन को हैक करना काफी आसान होगा.
जब फोन को सिक्योरिटी अपडेट मिलना बंद हो जाता है, तो उसकी कमजोरियां ठीक नहीं की जातीं. ऐसे में हैकर्स के लिए फोन को निशाना बनाना आसान हो जाता है. दुनिया भर में करोड़ों यूजर्स ऐसे फोन इस्तेमाल कर रहे हैं, जिनमें अब नया सुरक्षा सुधार नहीं आएगा.
फिलहाल Android 13, 14, 15 और 16 पर चल रहे फोन को ही सुरक्षा अपडेट मिल रहे हैं. हालांकि, कुल यूजर्स में इनका हिस्सा अभी भी सीमित है. बड़ी संख्या में लोग अब भी पुराने वर्जन पर हैं, जो चिंता की बात है.
Android 12, 11, 10 और 9 जैसे पुराने वर्जन अब सिक्योरिटी अपडेट की सूची से बाहर हो चुके हैं. खासकर 2021 या उससे पहले लॉन्च हुए कई फोन इस समस्या से प्रभावित हैं.
एंड्रॉयड फोन बनाने वाली कंपनियां अपने-अपने हिसाब से अपडेट देती हैं. ज्यादातर ब्रांड 2 या 3 साल बाद फोन को अपडेट देना बंद कर देते हैं. इसी वजह से एक ही समय पर कई पुराने और नए वर्जन बाजार में चल रहे होते हैं. यही स्थिति सुरक्षा को लेकर परेशानी बढ़ाती है.
बिना सुरक्षा अपडेट वाले फोन पर मैलवेयर और स्पायवेयर का खतरा ज्यादा होता है. इससे बैंकिंग ऐप, पासवर्ड, मैसेज और ओटीपी तक खतरे में पड़ सकते हैं. गूगल का कहना है कि अगर आपका फोन Android 13 या उससे ऊपर अपडेट नहीं हो सकता, तो नया फोन लेना ज्यादा सुरक्षित विकल्प है.