अब तक एंड्रॉयड और आईफोन के बीच फाइल शेयर करना लोगों के लिए परेशानी भरा काम रहा है. अलग-अलग सिस्टम होने की वजह से फोटो, वीडियो या डॉक्यूमेंट भेजने के लिए थर्ड पार्टी ऐप या ऑनलाइन लिंक का सहारा लेना पड़ता था. अब गूगल इस दिक्कत को दूर करने की दिशा में बड़ा कदम उठा रहा है.
गूगल ने पुष्टि की है कि वह अपने क्विक शेयर फीचर को इस तरह विकसित कर रहा है, जिससे एंड्रॉयड फोन से सीधे एपल डिवाइस पर फाइल भेजी जा सके. यह तरीका आईफोन के एयरड्रॉप जैसा होगा, जिसमें पास मौजूद डिवाइस के बीच सीधे डेटा ट्रांसफर किया जाता है.
इस सुविधा की शुरुआत गूगल ने पिक्सल 10 सीरीज से की थी. उस समय यह फीचर केवल उन्हीं फोनों तक सीमित था. अब कंपनी ने साफ किया है कि सफल परीक्षण के बाद इसे दूसरे एंड्रॉयड फोन तक भी लाया जाएगा। गूगल का कहना है कि वह अलग-अलग मोबाइल कंपनियों के साथ मिलकर इसे पूरे एंड्रॉयड सिस्टम में शामिल कर रहा है.
नए अपडेट के बाद एंड्रॉयड यूजर पास रखे आईफोन, आईपैड या मैकबुक पर सीधे फाइल भेज सकेंगे. इसके लिए किसी अतिरिक्त ऐप को इंस्टॉल करने की जरूरत नहीं होगी. न ही ईमेल या क्लाउड स्टोरेज का सहारा लेना पड़ेगा. पास मौजूद डिवाइस अपने आप पहचान लिए जाएंगे और फाइल तुरंत भेजी जा सकेगी.
गूगल ने बताया है कि यह सुविधा केवल आसान ही नहीं, बल्कि सुरक्षित भी होगी. इसे एंड्रॉयड के सिस्टम फीचर के तौर पर तैयार किया जा रहा है. फाइल ट्रांसफर के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जाएगा और इसके लिए अलग-अलग स्तर पर जांच भी की गई है, ताकि यूजर का डेटा सुरक्षित रहे.
फिलहाल गूगल ने इसकी सटीक तारीख नहीं बताई है. लेकिन कंपनी ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में इससे जुड़ी आधिकारिक घोषणा की जाएगी. माना जा रहा है कि जल्द ही एंड्रॉयड और एपल डिवाइस के बीच फाइल शेयर करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा.
इस नए बदलाव से उन यूजर्स को खास फायदा होगा, जो एक से ज्यादा प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करते हैं. एंड्रॉयड और आईफोन के बीच की तकनीकी दूरी अब धीरे-धीरे कम होती नजर आ रही है.