Logo

इंग्लैंड को धराशाई करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में दिखाया जादू, बिखेरा जलवा

Vaibhav Suryavanshi vs England: 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 80 गेंदों में 175 रन बनाकर सबसे तेज शतक और सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड बनाया, पहले ही कई टूर्नामेंट में धमाका कर चुके हैं.

👤 Samachaar Desk 06 Feb 2026 04:55 PM

Vaibhav Suryavanshi vs England: 14 साल की उम्र में क्रिकेट की दुनिया में नाम कर देने वाले वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा. अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. ओपनिंग करने आए वैभव ने इतनी तेज और धमाकेदार पारी खेली कि हर किसी की निगाहें उन पर टिक गईं. उन्होंने केवल 80 गेंदों में 175 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे. उनका स्ट्राइक रेट 218.75 रहा. इस पारी के साथ ही उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.

वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही तेजी से रन बनाने शुरू किए और इंग्लैंड के गेंदबाजों को कड़ी टक्कर दी. उन्होंने केवल 55 गेंदों में शतक पूरा किया, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे तेज शतक है. पूरे टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 7 मैचों में 62.71 की औसत से 439 रन बनाए. इसमें 1 शतक और 3 अर्धशतक शामिल थे. इसके अलावा उन्होंने इन 7 मैचों में 41 चौके और 30 छक्के भी लगाए, जो अन्य खिलाड़ियों से काफी अधिक थे.

छोटे उम्र में बड़े रिकॉर्ड

वैभव की यह उपलब्धि इसलिए खास है क्योंकि वह केवल 14 साल के हैं. इतना कम उम्र होने के बावजूद उनका खेल सीनियर खिलाड़ियों को भी चुनौती देता है. उन्होंने कई अलग-अलग फॉर्मेट और लेवल में शतक बनाकर अपनी प्रतिभा साबित की है.

राजस्थान रॉयल्स के लिए बनाए थे शानदार रन

आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में 101 रन बनाने के बाद उन्हें काफी सराहा गया. इसके बाद यूथ वनडे में इंग्लैंड के खिलाफ 52 गेंदों में शतक लगाया, जो यूथ वनडे में सबसे तेज शतकों में से एक है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ टेस्ट में उन्होंने 78 गेंदों में शतक जड़ा. इंडिया ए के लिए एशिया कप राइजिंग स्टार्स T20 में 32 गेंदों में शतक लगाया. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार के लिए 61 गेंदों में नाबाद 108 रन बनाए. U19 एशिया कप के ओपनर में UAE के खिलाफ 95 गेंदों में 171 रन की विस्फोटक पारी खेली. इसके अलावा विजय हजारे ट्रॉफी में भी शतक जमाया और अब अंडर-19 वर्ल्ड कप में अपनी छाप छोड़ी.

वैभव सूर्यवंशी की यह यात्रा दिखाती है कि उम्र केवल एक संख्या है. उनका खेल, तेज शॉट्स और रिकॉर्ड बनाना यह साबित करता है कि आने वाले समय में वह भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत बड़ा नाम बन सकते हैं. युवा खिलाड़ियों के लिए यह प्रेरणा भी है कि मेहनत और लगन से किसी भी उम्र में बड़े मुकाम हासिल किया जा सकता है.