Logo

मोबाइल यूजर्स ध्यान दें! कवर में नोट या एटीएम कार्ड रखना पड़ सकता है भारी, बन सकता है ब्लास्ट का कारण

स्मार्टफोन के कवर में नोट या दस्तावेज रखना आपकी आदत हो सकती है, लेकिन यही लापरवाही एक बड़ा खतरा बन सकती है. ये चीजें फोन की गर्मी बढ़ाकर बैटरी ब्लास्ट का कारण बन सकती हैं.

👤 Simran 13 May 2025 12:13 PM

क्या आप भी अपने स्मार्टफोन के कवर में 10-20 रुपये, जरूरी दस्तावेज या सिम कार्ड जैसी चीजें रखते हैं ताकि जरूरत के समय तुरंत काम आ सके? अगर हां, तो अब सतर्क हो जाइए. ये आदत जितनी मामूली लगती है, उतना ही बड़ा खतरा आपके मोबाइल और आपकी सुरक्षा के लिए बन सकती है.

स्मार्टफोन का लगातार इस्तेमाल, गेमिंग और चार्जिंग के दौरान उसका गर्म होना आम बात है. लेकिन जब आप फोन के कवर में कोई कागज, प्लास्टिक या अन्य चीजें दबा देते हैं, तो ये गर्मी और ज्यादा बढ़ जाती है. इससे मोबाइल के अंदर का तापमान असामान्य रूप से बढ़ सकता है और बैटरी के फटने तक की नौबत आ सकती है.

बढ़ जाएगी हीटिंग की समस्या

फोन के कवर में रखी गई चीजें जैसे कागज, प्लास्टिक कार्ड, नोट या सिम पिन आदि, डिवाइस की हीट को बाहर निकलने नहीं देती. नतीजा ये होता है कि हीटिंग की समस्या और बढ़ जाती है, जिससे फोन के आंतरिक कंपोनेंट्स पर दबाव बढ़ता है.

ओवरहीटिंग बन सकती है ब्लास्ट का कारण

फोन की बैटरी एक सीमित तापमान तक ही काम करने के लिए बनी होती है. अगर वो सीमा पार हो जाए तो बैटरी में विस्फोट होने की संभावना बढ़ जाती है. कई मामलों में देखा गया है कि ओवरहीटिंग के कारण स्मार्टफोन में ब्लास्ट हुआ है और यूजर्स को गंभीर चोटें तक आई हैं. ऐसे में सोचिए, आपने फोन में सिर्फ एक 10 रुपये का नोट रखा था, लेकिन ब्लास्ट हुआ तो फोन के साथ वो पैसा भी गया और साथ में जरूरी दस्तावेज भी जलकर खाक हो सकते हैं.

चार्जिंग के दौरान फोन में रखे सामान से बढ़ता खतरा

अगर आप फोन चार्ज करते समय भी उसका इस्तेमाल करते हैं और उसमें कवर के अंदर कुछ रखा हुआ है, तो ये खतरा और ज्यादा बढ़ जाता है. मोटे कवर और उसमें छिपी चीजें हीट को बाहर निकलने नहीं देती, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है और ब्लास्ट का रिस्क कई गुना हो जाता है.

नेटवर्क और वायरलेस चार्जिंग पर भी असर

फोन कवर में रखे गए मेटल कार्ड या मोटे नोट ना सिर्फ फोन की हीटिंग को बढ़ाते हैं, बल्कि इससे डिवाइस की नेटवर्क पकड़ने की क्षमता भी प्रभावित हो सकती है. इसके अलावा, अगर आप वायरलेस चार्जिंग का इस्तेमाल करते हैं, तो कवर में रखी वस्तुएं इस प्रक्रिया में बाधा बन सकती हैं.

सुरक्षा के लिए अपनाएं ये जरूरी सावधानियां

1. कभी भी मोबाइल कवर के अंदर कोई कागज, नोट या कार्ड ना रखें.

2. चार्जिंग के समय फोन का इस्तेमाल करने से बचें.

3. ऐसा कवर इस्तेमाल करें जो हीट को बाहर निकलने की सुविधा दे.

4. वायरलेस चार्जिंग करते समय कवर और उसमें रखी वस्तुओं पर विशेष ध्यान दें.