Logo

कोर कमेटी बैठक में सियासी धमाका! राहुल-बिट्टू पर सुखबीर का वार, मजीठिया ने जताया जान का खतरा

Shiromani Akali Dal: शिरोमणि अकाली दल की कोर कमेटी बैठक में सियासत गरमा गई. सुखबीर बादल ने राहुल गांधी–रवनीत बिट्टू विवाद पर तंज कसते हुए AAP सरकार को कानून व्यवस्था को लेकर घेरा. वहीं बिक्रम मजीठिया ने अपनी जान को खतरा बताते हुए सरकार और पुलिस को जिम्मेदार ठहराया.

👤 Ashwani Kumar 05 Feb 2026 01:56 PM

शिरोमणि अकाली दल की कोर कमेटी की बैठक शुरू होते ही पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई. बैठक से पहले पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के बयानों ने सियासी माहौल को और गरमा दिया. खासतौर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच चल रहे विवाद पर सुखबीर बादल की टिप्पणी चर्चा का विषय बन गई.

राहुल-बिट्टू विवाद पर सुखबीर बादल का तंज

सुखबीर बादल ने राहुल गांधी और रवनीत बिट्टू के बीच चल रही बयानबाजी पर चुटकी लेते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के लिए जो कहा, उसमें सच्चाई छिपी है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने बिट्टू को गद्दार बताया, जबकि बिट्टू ने राहुल को देश का दुश्मन कहा. बादल के मुताबिक, इन बयानों को ध्यान से समझा जाए तो दोनों ने ही एक-दूसरे का सही चरित्र बयान किया है. उनके इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है.

कानून व्यवस्था को लेकर AAP सरकार पर हमला

कोर कमेटी की बैठक में शामिल होने से पहले सुखबीर बादल ने आम आदमी पार्टी की सरकार को कानून व्यवस्था के मुद्दे पर घेरा. उन्होंने कहा कि पंजाब में डर का माहौल बन चुका है और आम लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं. बादल ने आरोप लगाया कि राज्य में गैंगस्टरवाद लगातार बढ़ रहा है और सरकार इसे रोकने में नाकाम साबित हो रही है.

बैठक में पहुंचे बिक्रम सिंह मजीठिया

इस अहम बैठक में वरिष्ठ अकाली नेता और सुखबीर बादल के साले बिक्रम सिंह मजीठिया भी शामिल हुए. मजीठिया ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कोई भी ताकत उन्हें जनता के मुद्दे उठाने से नहीं रोक सकती. उन्होंने साफ किया कि वे किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और कर्मचारियों की आवाज लगातार बुलंद करते रहेंगे.

सुरक्षा को लेकर मजीठिया की चिंता

बिक्रम सिंह मजीठिया ने अपनी जान को खतरे की बात भी खुलकर रखी. उन्होंने कहा कि उन्हें अभी भी सुरक्षा को लेकर डर है और अगर उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी पंजाब पुलिस और राज्य के डीजीपी की होगी. मजीठिया ने सिद्धू मूसेवाला का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी तरह उनके खिलाफ भी साजिश रची जा सकती है.

आगे की रणनीति पर मंथन

कोर कमेटी की बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात, संगठन को मजबूत करने और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हो रही है. बैठक में उपाध्यक्ष डॉ. दलजीत सिंह चीमा, हरप्रीत सिंह कोटपाई, मुख्य प्रवक्ता अर्शदीप सिंह कलेर, शरणजीत सिंह ढिल्लों, जोगिंदर सिंह जिंदू, एनके शर्मा, सरबजीत सिंह जिंजर, जन्मेजा सिंह शेखों, तीर्थ सिंह माला और महेश इंद्र सिंह ग्रेवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.