चंडीगढ़ में सोमवार को पंजाब की राजनीति में एक नई एंट्री ने सुर्खियां बटोरीं, जब लुधियाना पश्चिम से हाल ही में उपचुनाव जीतकर विधायक बने संजीव अरोड़ा ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली. राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने उन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई.
यह सातवां मौका है जब भगवंत मान सरकार ने अपने मंत्रिमंडल में विस्तार किया है. संजीव अरोड़ा पहले राज्यसभा सांसद रह चुके हैं और उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देकर विधानसभा उपचुनाव लड़ा था.
केजरीवाल-मांन का वादा अब बना हकीकत
लुधियाना पश्चिम सीट पर चुनाव प्रचार के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ऐलान किया था कि अगर संजीव अरोड़ा को जनता विजयी बनाती है तो उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा. उपचुनाव में उनकी जीत के साथ ही पार्टी ने अपना वादा निभाया.
विभाग को लेकर सस्पेंस बरकरार
संजीव अरोड़ा को अभी कौन सा विभाग मिलेगा, इसका औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है. हालांकि सूत्रों का कहना है कि उन्हें स्वास्थ्य या उद्योग विभाग में से कोई एक जिम्मेदारी दी जा सकती है. वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग डॉ. बलबीर सिंह और उद्योग विभाग हरदीप सिंह मुंडियां के पास है.
कैबिनेट में खाली छोड़ी गई एक सीट
AAP सरकार मंत्रिमंडल की सभी सीटें भरना चाहती थी, लेकिन हाल ही में विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद तरनतारन सीट पर उपचुनाव होना है. ऐसे में एक कैबिनेट पद जानबूझकर खाली छोड़ा गया है ताकि पार्टी उपचुनाव में मतदाताओं से यह वादा कर सके कि उनके चुने हुए विधायक को मंत्री बनाया जाएगा.
कौन हैं संजीव अरोड़ा?
संजीव अरोड़ा एक सफल उद्योगपति और सामाजिक कार्यकर्ता हैं. वे 2022 में राज्यसभा के लिए चुने गए थे, लेकिन विधानसभा उपचुनाव के लिए उन्होंने राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. अब वे विधायक के रूप में अपने राजनीतिक करियर की नई पारी शुरू कर रहे हैं.