Logo

Punjab Weather: पंजाब में बदलेगा मौसम का मिजाज! 13 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का यलो अलर्ट

Punjab Weather Alert: पंजाब में मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों में तेज हवाओं और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। अगले छह दिनों तक मौसम में बदलाव रहने की संभावना है।

👤 Ashwani Kumar 14 Mar 2026 12:48 PM

Punjab Weather Alert: पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इसके साथ ही 13 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का अनुमान है कि आने वाले करीब छह दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में लगभग 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

पश्चिमी विक्षोभ का दिखा असर

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बदलाव के पीछे मुख्य कारण सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ है। इसके प्रभाव से शुक्रवार को भी तापमान में हल्की कमी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में लगभग 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली। हालांकि तापमान अभी भी सामान्य से करीब 3.7 डिग्री ज्यादा बना हुआ है।

राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम तापमान गुरदासपुर में करीब 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। जिन इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है, उनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का और श्री मुक्तसर साहिब शामिल हैं। इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की फुहारें पड़ सकती हैं, जिससे मौसम थोड़ा ठंडा हो सकता है।

रविवार से बढ़ सकता है बारिश का दायरा

रविवार से मौसम का असर और ज्यादा जिलों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और इसके साथ बारिश भी हो सकती है।