Logo

Punjab Weather: IMD का बड़ा अलर्ट… घने कोहरे के बाद बारिश की एंट्री, मौसम ने लिया यू-टर्न!

Punjab Weather Update: पंजाब में मौसम ने फिर करवट ली है. कई जिलों में घना कोहरा, तापमान में गिरावट और 10 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना. जानिए किन इलाकों में सबसे ज्यादा असर पड़ेगा और मौसम विभाग ने क्या चेतावनी दी है.

👤 Ashwani Kumar 05 Feb 2026 10:28 AM

Punjab Weather Alert: पंजाब में मौसम अब फिर से बदलने वाला है. मौसम विभाग ने बताया है कि 9 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. इसका असर 10 फरवरी को राज्य के कई जिलों में दिख सकता है. इस दौरान कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हालांकि तब तक, यानी अगले करीब छह दिनों तक मौसम साफ और सूखा रहने की उम्मीद है.

घने कोहरे ने जनजीवन किया प्रभावित

बुधवार को पंजाब के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. सुबह के वक्त सड़कों पर आगे कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था. अमृतसर और पटियाला में हालात इतने खराब थे कि सिर्फ 50 मीटर तक ही देखा जा सका. आदमपुर में स्थिति और भी ज्यादा बिगड़ी हुई रही, जहां 50 मीटर से भी कम दूरी तक नजर आ रही थी. बठिंडा में भी विजिबिलिटी करीब 80 मीटर ही रही. घने कोहरे की वजह से सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा और कई जगह गाड़ियों की रफ्तार बहुत धीमी हो गई.

न्यूनतम तापमान में आई गिरावट

कोहरे के साथ-साथ ठंड का असर भी बढ़ता नजर आया. पंजाब के न्यूनतम तापमान में औसतन एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. अमृतसर 4.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा. पटियाला और बठिंडा में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया. लुधियाना में 8.4 डिग्री, पटियाला में 7.0 डिग्री, पठानकोट में 6.0 डिग्री, बठिंडा में 4.9 डिग्री, फरीदकोट में 5.0 डिग्री, गुरदासपुर में 6.0 डिग्री और फिरोजपुर में 5.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.

अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी

जहां न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई, वहीं अधिकतम तापमान में हल्की बढ़त दर्ज की गई. औसतन 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ तापमान सामान्य के आसपास बना रहा. फरीदकोट में सबसे अधिक 23.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. अमृतसर और लुधियाना में 21.4 डिग्री, पटियाला में 21.8 डिग्री, बठिंडा में 21.5 डिग्री, एसबीएस नगर में 21.2 डिग्री, फिरोजपुर में 21.7 डिग्री और रूपनगर में 22.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.

मौसम विभाग की चेतावनी और सलाह

मौसम विभाग ने कोहरे और संभावित बारिश को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. खासतौर पर सुबह और रात के समय वाहन चलाने वालों को सावधानी बरतने को कहा गया है. विभाग के अनुसार, मौसम में यह बदलाव अगले कुछ दिनों तक खेती, यातायात और रोजमर्रा की जिंदगी पर असर डाल सकता है.