Logo

फरवरी के दूसरे हफ्ते में पंजाब में मौसम का बड़ा बदलाव! धूप के साथ बढ़ा तापमान, रातों में ठंड बरकरार

Punjab Weather: फरवरी के दूसरे हफ्ते की शुरुआत में पंजाब और चंडीगढ़ में दिन में धूप खिलने से तापमान बढ़ गया है. ठंडी हवाओं के चलते रात का मौसम अभी भी ठंडा है. मौसम सुहावना होने से लोगों की चहल-पहल और बाजारों में रौनक लौट आई है.

👤 Ashwani Kumar 09 Feb 2026 10:18 AM

Punjab Weather Update: फरवरी के दूसरे हफ्ते की शुरुआत के साथ ही पंजाब और राजधानी चंडीगढ़ में मौसम ने नया रूप ले लिया है. दिन में धूप खिलने से तापमान बढ़ गया है और ठंड का असर कम महसूस हो रहा है. हालांकि रात के समय ठंड बरकरार है. पहाड़ों पर हुई हालिया बर्फबारी की वजह से ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में प्रवेश कर रही हैं, जिससे पंजाब के मौसम पर असर पड़ा है. रविवार को न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, और फरीदकोट 5 डिग्री के साथ सबसे ठंडा शहर बना.

मौसम विभाग की जानकारी और आगे की संभावना

मौसम विभाग, चंडीगढ़ केंद्र के डायरेक्टर सुरिंदर पाल के अनुसार, पहाड़ों में हल्की बर्फबारी हुई है और वहां से आती ठंडी और तेज हवाएं पंजाब व चंडीगढ़ के मौसम को प्रभावित कर रही हैं. उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से सोमवार और मंगलवार को पहाड़ों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है. इसके कारण अगले दो से तीन दिन तक पंजाब में ठंडक बनी रहेगी और तापमान में 1 से 2 डिग्री तक और गिरावट आ सकती है. फिलहाल, पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश की संभावना कम है और अगले छह दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.

शहरों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान

रविवार को पंजाब के विभिन्न शहरों का न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया: अमृतसर 5.7 डिग्री C, लुधियाना 9.4 डिग्री C, पटियाला 9.3 डिग्री C, बठिंडा 6.2 डिग्री C, फिरोजपुर 5.6 डिग्री C, एसबीएस नगर 8.1 डिग्री C और रूपनगर 7.4 डिग्री C. अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया और यह सामान्य से लगभग 2 डिग्री अधिक रहा.

सबसे अधिक 25.3 डिग्री C का पारा मानसा में रिकॉर्ड किया गया, जबकि अमृतसर 21.9 डिग्री C, लुधियाना 23.6 डिग्री C, पटियाला 23.8 डिग्री C, पठानकोट 21.7 डिग्री C, बठिंडा 24.4 डिग्री C, होशियारपुर 22.7 डिग्री C और रूपनगर 23.1 डिग्री C दर्ज किया गया.

मौसम बदलाव से शहर का मिजाज भी बदला

धूप खिलने और ठंड कम होने के कारण शहर में लोगों की चहल-पहल बढ़ गई है. पार्कों, झीलों और पर्यटन स्थलों पर लोग सैर, योग और आउटडोर गतिविधियों के लिए बाहर निकल रहे हैं. रविवार को अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री C और न्यूनतम 8 डिग्री C दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 23-24 डिग्री C और न्यूनतम तापमान 9-10 डिग्री C के आसपास रहने की संभावना है. मौसम सुहावना होने से कारोबारियों का कहना है कि बाजारों में भी रौनक लौटने लगी है.