Logo

लुधियाना में बड़ा हादसा! फ्लाईओवर से पलटा ओवरलोड ट्रक, नीचे बरसीं गेहूं की बोरियां

Ludhiana truck accident: लुधियाना के भारत नगर चौक फ्लाईओवर पर सुबह एक ओवरलोडेड ट्रक पलट गया, जिससे गेहूं की बोरियां नीचे खड़ी गाड़ियों और दुकानों पर गिर गईं. हादसे में कई वाहन और दुकानें क्षतिग्रस्त हुईं और लाखों के नुकसान की आशंका है.

👤 Ashwani Kumar 15 Feb 2026 01:27 PM

लुधियाना के व्यस्त भारत नगर चौक फ्लाईओवर पर आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. करीब सवा 8 बजे एक ओवरलोडेड ट्रक अचानक संतुलन खो बैठा और फ्लाईओवर पर ही पलट गया. ट्रक में गेहूं की सैकड़ों बोरियां लदी हुई थीं, जो नीचे सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों और दुकानों पर जा गिरीं. कुछ ही पलों में वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

नीचे खड़ी गाड़ियों और दुकानों को भारी नुकसान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही ट्रक पलटा, गेहूं की बोरियां तेजी से नीचे गिरीं. कई कारें, मोटरसाइकिलें और दुकानें इसकी चपेट में आ गईं. वाहनों के शीशे टूट गए और कुछ गाड़ियां बुरी तरह दब गईं. दुकानों के शटर और बोर्ड भी क्षतिग्रस्त हो गए. शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. हालांकि राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के घायल होने या जान जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

समय पर मदद न पहुंचने से नाराज लोग

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ गुस्सा देखने को मिला. लोगों का कहना है कि घटना के तुरंत बाद आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया. इस देरी को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई. उनका कहना है कि अगर तुरंत कार्रवाई होती तो हालात को जल्दी काबू में किया जा सकता था.

चालक मौके से फरार

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अफरा-तफरी का फायदा उठाकर वह वहां से निकल गया. अब पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी को जल्द पकड़ा जा सके.

ओवरलोड वाहनों पर सख्ती की मांग

इस घटना के बाद लोगों ने ओवरलोडेड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि शहर के बीच से भारी और ओवरलोड ट्रक गुजरते हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं. पीड़ित दुकानदारों और वाहन मालिकों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपील की है.