पंजाब में ड्रग्स के खिलाफ सरकार का शिकंजा कसता जा रहा है। शिरोमणि अकाली दल (SAD) के कद्दावर नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की 540 करोड़ रुपये के कथित ड्रग मनी के हवाला लेनदेन से जुड़े disproportionate assets केस में गिरफ्तारी के एक दिन बाद ही मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साफ कर दिया है कि अब 'बड़ी मछलियां' फंसेंगी. मान ने कहा कि पहले कहा जाता था कि हम बड़े लोगों को नहीं पकड़ते, अब जब पकड़ लिया तो आरोप लगाने लगे कि यह राजनीतिक बदले की कार्रवाई है.
चंडीगढ़ में मीडिया से बात करते हुए सीएम मान ने कहा कि जिन लोगों ने पंजाब की जवानी को बर्बाद किया, उनकी कोठियों को बुलडोज़र से गिराया जाएगा और किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि "मेरे पास धमकी भी आ रही है, लेकिन मैं डरने वाला नहीं हूं। मेरा दिल पंजाब के लिए धड़कता है.
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि अब तक जिन पुलिसवालों और स्थानीय ड्रग डीलरों को पकड़ा गया था, वे सिस्टम का छोटा हिस्सा थे, लेकिन अब असली सरगनाओं की बारी है। उन्होंने कहा, “अब तक छोटे अधिकारी पकड़े जा रहे थे, अब जनरल्स पर कार्रवाई हो रही है। इनकी हवाला ट्रांजैक्शन का पूरा रिकार्ड हमारे पास है.
सीएम मान ने कहा कि उन्हें नुकसान पहुंचाने की धमकियां मिल रही हैं, लेकिन वह किसी दबाव में नहीं आएंगे. उन्होंने कहा, “मैं भगत सिंह से दोगुना जी चुका हूं. अगर हम सफाई में सफल हुए तो अच्छा है, नहीं तो कोशिश की है. मैं जनता के बीच जाऊंगा और सब कुछ पारदर्शी तरीके से करूंगा.
मजीठिया का नाम लिए बिना कहा- "सबूत के साथ कार्रवाई की गई" हालांकि पूरे प्रेस कॉन्फ्रेंस में भगवंत मान ने बिक्रम सिंह मजीठिया का नाम नहीं लिया, लेकिन उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि जिन पर कार्रवाई हुई है, उनके खिलाफ ठोस सबूत थे। “हवाला ट्रांजैक्शन का रिकार्ड है, 90% आरोपी बेल भी नहीं ले सके हैं और अब जनता को जल्द और बड़ी गिरफ़्तारियों की खबर मिलेगी,'
मुख्यमंत्री ने कहा, "3-4 मंजिला महल जो नशेड़ियों की लाशों पर खड़े हैं, उन्हें खड़ा नहीं रहने दिया जाएगा. हमने पंचायतों को साथ लिया है, जो नशा कारोबार के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर रही हैं. हमने रिहैब सेंटरों को अपडेट किया है और पुलिस में सुधार किया है। कई पुलिसकर्मी जो ड्रग डीलरों से मिले हुए थे, उन्हें ट्रांसफर किया गया है.' एक सवाल पर कि क्या ये कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है, सीएम मान ने कहा, “अगर ये बदला होता तो SAD को लुधियाना वेस्ट उपचुनाव में सिर्फ 8000 वोट न मिलते। ये AAP बनाम सारे पुराने भ्रष्ट तंत्र की लड़ाई है.