Logo

लुधियाना में नीले ड्रम से निकली लाश, हाथ-पैर बंधे, पूरे इलाके में दहशत! लोगों को आ गई मेरठ वाले कांड की याद

पंजाब के लुधियाना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है. शेरपुर क्षेत्र के एक खाली प्लॉट में रखे नीले रंग के ड्रम से एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है.

👤 Golu Dwivedi 26 Jun 2025 06:48 PM

पंजाब के लुधियाना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है. शेरपुर क्षेत्र के एक खाली प्लॉट में रखे नीले रंग के ड्रम से एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है. यह घटना तब सामने आई जब कुछ कूड़ा बीनने वाले प्लॉट में पड़े ड्रम को उठाने पहुंचे और उन्हें उससे तेज दुर्गंध आई। शक होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने जब ड्रम को खोला तो उसमें से एक प्लास्टिक की बोरी निकली, जिसमें शव को चादर में लपेटकर रस्सी से बांधकर ठूंसा गया था। मृतक की उम्र करीब 40 साल बताई जा रही है, हालांकि उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है.

शव के हाथ-पैर थे बंधे, हत्या की आशंका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव के दोनों हाथ और पैर रस्सी से मजबूती से बंधे हुए थे. शव को चादर में लपेटकर प्लास्टिक की बोरी में बंद किया गया था और फिर उसे नीले रंग के ड्रम में डाल दिया गया. शुरुआती जांच में पुलिस को अंदेशा है कि यह एक सुनियोजित हत्या का मामला है और शव को छिपाने के लिए इस तरीके से ड्रम में फेंका गया.

कूड़ा बीनने वालों ने दी सूचना

थाना शेरपुर की एसएचओ इंस्पेक्टर कुलवंत कौर ने जानकारी दी कि, "कुछ कूड़ा बीनने वाले ड्रम को अपने साथ ले जाना चाहते थे, लेकिन जैसे ही उन्होंने ढक्कन खोला और बदबू महसूस की, उन्होंने तुरंत हमें कॉल किया. मौके पर पहुंचने पर हमने देखा कि शव को बड़ी सफाई से छिपाने की कोशिश की गई थी.

मौत की वजह और पहचान अभी स्पष्ट नहीं

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में शव 2-3 दिन पुराना लग रहा है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और गुमशुदगी के मामलों से मृतक की पहचान जोड़ने की कोशिश कर रही है. घटना के बाद से शेरपुर क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह से खुलेआम शव मिलना इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है.