Logo

जालंधर में बम धमाके की धमकी से हड़कंप! स्कूलों, विधानसभा और ट्रेन को उड़ाने की बात, पुलिस हाई अलर्ट पर

Jalandhar Bomb Threat Email: पंजाब के जालंधर में धमकी भरे ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया है। ई-मेल में एपीजे और DPS समेत कुछ स्कूलों को 1:11 बजे बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।

👤 Ashwani Kumar 16 Mar 2026 11:06 AM

पंजाब के जालंधर में एक बार फिर धमकी भरे ई-मेल ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के मुताबिक शहर के कुछ बड़े स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस मेल में खास तौर पर एपीजे स्कूल और डीपीएस (दिल्ली पब्लिक स्कूल) सहित अन्य शिक्षण संस्थानों का नाम लिया गया है। ई-मेल में स्कूलों को उड़ाने के लिए 1:11 बजे का समय बताया गया है। इसके अलावा संदेश में अन्य संवेदनशील स्थानों का भी जिक्र किया गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। धमकी सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गए।

विधानसभा और ट्रेन का भी किया गया जिक्र

धमकी भरे संदेश में केवल स्कूल ही नहीं बल्कि अन्य जगहों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। मेल में पंजाब विधानसभा को 2:11 बजे उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके अलावा दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन के लिए 9:11 बजे का समय लिखा गया है। एक ही संदेश में कई महत्वपूर्ण स्थानों का उल्लेख होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां इसे बेहद गंभीरता से ले रही हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह की धमकियां अक्सर अफवाह भी हो सकती हैं।

मुख्यमंत्री और अंबेडकर प्रतिमा का भी जिक्र

ई-मेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। साथ ही संदेश में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को हटाने जैसी बातें भी लिखी गई हैं।

इसके अलावा संदेश में खालिस्तान से जुड़े संदर्भ भी सामने आए हैं, जिसमें पंजाब को भारत से अलग करने जैसी बातों का जिक्र किया गया है। इन दावों के कारण सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है।

जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां

धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गए हैं। शहर के स्कूलों, सरकारी भवनों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। तकनीकी टीम ई-मेल की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदेश कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।