पंजाब की राजनीति एक बार फिर हलचल में है. राज्य की दो विधानसभा सीटों तरनतारन और जालंधर सेंट्रल पर उपचुनाव की संभावना तेज हो गई है. तरनतारन सीट पर उपचुनाव तय माना जा रहा है क्योंकि यहां के विधायक और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. कश्मीर सिंह सोहल का हाल ही में निधन हो गया. वहीं, जालंधर सेंट्रल से विधायक रमन अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद उनके इस्तीफे की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं.
हालांकि अभी तक चुनाव आयोग या राज्य सरकार की ओर से उपचुनाव को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक दलों में मंथन और रणनीति तैयार करने का दौर शुरू हो चुका है.
66 वर्षीय डॉ. कश्मीर सिंह सोहल का हाल ही में कैंसर के चलते निधन हो गया। वह पहली बार विधायक बने थे और आम आदमी पार्टी से जुड़े एक लोकप्रिय चेहरे के रूप में पहचाने जाते थे. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया और लिखा, "डॉ. सोहल एक कर्मठ और समर्पित नेता थे, उनके निधन से हमें अपूरणीय क्षति हुई है. डॉ. सोहल की मृत्यु के बाद यह सीट स्वतः खाली हो गई है, जिसके चलते यहां उपचुनाव होना तय है.
जालंधर सेंट्रल से AAP विधायक रमन अरोड़ा को हाल ही में भ्रष्टाचार के एक गंभीर मामले में गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी नेतृत्व उनसे इस्तीफा मांग सकता है। यदि वह इस्तीफा देते हैं, तो इस सीट पर भी उपचुनाव अनिवार्य हो जाएगा. हालांकि अभी तक अरोड़ा की सदस्यता रद्द नहीं हुई है, लेकिन सियासी गलियारों में यह तय माना जा रहा है कि पार्टी छवि बचाने के लिए जल्द कोई बड़ा कदम उठा सकती है.
उपचुनाव की संभावनाओं को देखते हुए कांग्रेस, बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल सहित तमाम प्रमुख दलों ने जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है. उम्मीदवारों की खोज और जनसंपर्क अभियान की रणनीति पर काम शुरू हो चुका है.