Logo

संगरूर के गांव नमोल में करोड़ों की चोरी, 92 तोले सोना और लाखों की नकदी गायब

पंजाब के संगरूर जिले के गांव नमोल में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चुहड़ सिंह उर्फ भोला सिंह के घर से चोरों ने रात में 92 तोले सोने के गहने और करीब 2.35 लाख रुपये नकद चुरा लिए।

👤 Saurabh 03 Aug 2025 05:44 PM

पंजाब के संगरूर जिले में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। सुनाम विधानसभा क्षेत्र के गांव नमोल में बीती रात चोरों ने एक घर से करीब 92 तोले सोना और लगभग 2.35 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। यह घटना चुहड़ सिंह उर्फ भोला सिंह नंबरदार के घर पर हुई, जिनका परिवार अधिकतर विदेश में रहता है।

चोर रात के वक्त घर की पिछली दीवार फांदकर अंदर घुसे। उस समय परिवार पुराने घर के एक कमरे में सो रहा था, क्योंकि वे हाल ही में बने नए घर में शिफ्ट नहीं हुए थे। चोरों ने स्टोर रूम का ताला तोड़ा और उसमें रखी दो पेटियों और तीन अलमारियों से सोना और नकदी चुरा ली। इसके अलावा चोरों ने घर के दो बेडरूम की अलमारियां भी तोड़ीं और वहां से भी गहने ले उड़े।

भोला सिंह ने बताया कि घटना रात 12 बजे से 3 बजे के बीच की है, जब वह, उनकी पत्नी, बहू और पोती सो रहे थे। चोरों ने स्टोर रूम और अन्य कमरों की अलमारियों को खोला और सारे गहने और पैसे लेकर पिछले दरवाजे से फरार हो गए।

भोला सिंह के भतीजे रमनदीप सिंह ने कहा कि चोरी में विदेश में बसे उनके परिवार के बच्चों के गहने भी चोरी हो गए हैं। उन्होंने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द चोरों को पकड़कर कार्रवाई करे।

गांव के सरपंच बाबू सिंह ने बताया कि चुहड़ सिंह उनके पड़ोसी हैं। जब उन्हें चोरी की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सरपंच के अनुसार, घर में सिर्फ चुहड़ सिंह, उनकी पत्नी और बहू रहते हैं।

चीमा थाने के एसएचओ विनोद कुमार ने बताया कि जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और फिंगरप्रिंट की मदद से भी सुराग जुटाए जा रहे हैं।

यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई है और लोगों में डर का माहौल है। सभी की निगाहें अब पुलिस पर टिकी हैं कि वे जल्द से जल्द चोरों को पकड़ें और चोरी हुए सामान को वापस दिलाएं।