दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार रात एक अजीब स्थिति देखने को मिली। एयर इंडिया की सिंगापुर जाने वाली उड़ान (AI2380) रात करीब 11 बजे रवाना होनी थी। लेकिन उड़ान भरने से पहले ही विमान का एयर कंडीशनिंग सिस्टम खराब हो गया। विमान में पहले से सवार 200 से ज्यादा यात्री गर्मी और घुटन से परेशान हो गए।
करीब दो घंटे तक यात्री विमान के अंदर बैठे रहे। किसी तरह की कोई आधिकारिक जानकारी न मिलने से यात्री और ज्यादा बेचैन हो गए। आखिरकार एयर इंडिया के क्रू मेंबर्स ने बिना कोई वजह बताए यात्रियों को विमान से उतरना शुरू कर दिया। सभी यात्रियों को वापस टर्मिनल बिल्डिंग में भेज दिया गया।
इस दौरान सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े कई वीडियो सामने आए। इन वीडियो में यात्री पत्रिकाओं और अखबारों से खुद को हवा करते नजर आ रहे हैं। यात्रियों ने आरोप लगाया कि एयर इंडिया प्रबंधन ने उन्हें समय रहते कोई जानकारी नहीं दी और पूरी घटना में यात्रियों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
यह घटना नई नहीं है। ठीक तीन महीने पहले जयपुर से दुबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। उस समय एक महिला यात्री ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए शिकायत की थी कि वह बिना एसी के करीब पांच घंटे तक विमान में फंसी रही। हालांकि उस वक्त एयरलाइन ने दावा किया था कि विमान का एयर कंडीशनिंग सिस्टम सही तरीके से काम कर रहा था।
मई में भी ऐसी ही परेशानी दिल्ली से भुवनेश्वर जाने वाली एक उड़ान में हुई थी, जब विमान का एसी हवा में ही खराब हो गया था। लगातार ऐसे मामलों के सामने आने से यात्रियों की सुरक्षा और आराम को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल, इस नई घटना पर एयर इंडिया ने कोई बयान जारी नहीं किया है। यात्रियों को अगली उड़ान कब और कैसे मिलेगी, इसकी भी जानकारी अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।