Humayun Tomb Collapsed: दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस के जश्न के बीच एक दुखद खबर सामने आई है। राजधानी के मशहूर ऐतिहासिक स्मारक हुमायूं के मकबरे का एक हिस्सा ढह गया है। यह हादसा शुक्रवार को दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में करीब 8 से 12 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। कुछ लोगों की मौत की भी खबर आई है, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
शुरुआत में खबर आई थी कि यह हादसा हुमायूं टॉम्ब के पीछे स्थित एक दरगाह में हुआ है, लेकिन बाद में न्यूज एजेंसी पीटीआई ने पुष्टि की कि मकबरे के गुंबद का एक हिस्सा गिरा है। हादसा शाम करीब 4:30 बजे हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राहत-बचाव दल और दिल्ली अग्निशमन सेवा मौके पर पहुंच गई। बचाव कार्य के लिए दमकल की पांच गाड़ियां भी भेजी गई हैं।
हुमायूं का मकबरा 16वीं शताब्दी के मध्य में बनाया गया एक ऐतिहासिक स्मारक है और यह दिल्ली के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है। यहां देश-विदेश से हजारों सैलानी हर साल घूमने आते हैं। इस जगह का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व बहुत ज्यादा है, इसलिए यहां हमेशा लोगों की आवाजाही बनी रहती है।
हादसे के समय वहां मौजूद लोगों का कहना है कि गुंबद का हिस्सा अचानक गिरा, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए राहत दल पूरी कोशिश कर रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन ने इलाके को खाली करा दिया है और किसी को भी पास जाने की अनुमति नहीं है। अधिकारी लगातार हालात पर नजर रख रहे हैं और मलबा हटाने का काम जारी है। यह घटना न सिर्फ स्थानीय लोगों के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए चिंता की बात है, क्योंकि यह एक बेहद कीमती और ऐतिहासिक धरोहर है। हादसे के असली कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।