IPL 2025: पंजाब किंग्स की सह-मालिक और अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने हाल ही में धर्मशाला में हुए आईपीएल 2025 मैच के अचानक रद्द होने पर प्रशंसकों से माफी मांगी है। पंजाब किंग्स (PBKS) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच यह मैच केवल 10.1 ओवर के बाद रोक दिया गया था, जिसकी वजह भारत-पाक सीमा पर बढ़ा हुआ तनाव और सुरक्षा चिंताएँ थीं।
प्रीति ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में उन सभी का धन्यवाद किया जिन्होंने सुरक्षित निकासी में मदद की। उन्होंने लिखा कि रेलवे और सरकार की मदद से खिलाड़ी, अधिकारी और परिवार सुरक्षित निकल सके। उन्होंने बीसीसीआई और पंजाब किंग्स की टीम का भी आभार जताया।
प्रीति ने कहा कि उस दिन वह ‘थोड़ी रूखी’ दिखीं और तस्वीरें खिंचवाने से मना किया, जिसके लिए उन्हें अफ़सोस है। लेकिन उनकी प्राथमिकता सबकी सुरक्षा थी।
उन्होंने एक्स पर लिखा, 'धर्मशाला स्टेडियम में मौजूद सभी लोगों को - घबराने और भगदड़ न मचने के लिए शुक्रिया, शुक्रिया... मुझे खेद है कि मैं थोड़ी रूखी थी और मैंने सभी के साथ तस्वीरें लेने से मना कर दिया, लेकिन समय की मांग सभी की सुरक्षा थी और यह सुनिश्चित करना मेरा कर्तव्य और जिम्मेदारी थी कि सभी सुरक्षित रहें। इसे संभव बनाने के लिए धन्यवाद।'
बीसीसीआई ने भी स्थिति को देखते हुए आईपीएल 2025 के सभी मैचों को एक हफ्ते के लिए स्थगित कर दिया है।