इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोस बटलर ने 14 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जोरदार तारीफ की है। बटलर ने कहा कि वैभव की बल्लेबाजी देखना किसी चमत्कार से कम नहीं था। उन्होंने कहा, “जिस तरह से वैभव ने आईपीएल में बल्लेबाजी की, वह पूरी दुनिया के लिए एक चेतावनी है। वह हमसे 20 साल छोटा है और जिस तरह से वह गेंद को स्टैंड्स से बाहर भेजता है, वह अद्भुत है।”
वैभव सूर्यवंशी ने अपने पहले ही आईपीएल सीजन में धमाल मचा दिया। उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 33 गेंदों में शतक जड़कर ना सिर्फ सीज़न का सबसे तेज शतक लगाया बल्कि आईपीएल इतिहास में सबसे युवा शतकवीर भी बने। इस प्रदर्शन ने उन्हें भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के क्रिकेट फैंस के बीच मशहूर बना दिया।
जोस बटलर ने कहा, “उनकी वो पारी हमारे खिलाफ थी। हमारे बॉलिंग अटैक में मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान जैसे गेंदबाज थे। फिर भी उन्होंने लंबे-लंबे छक्के मारे, जो देखना चौंकाने वाला था।”
बटलर ने एक और मैच का जिक्र करते हुए कहा, “मैं टीवी पर दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उनका खेल देख रहा था। उनके सामने अश्विन और जडेजा जैसे अनुभवी स्पिनर थे, लेकिन वैभव ने बेहतरीन नियंत्रण के साथ बल्लेबाजी की और 33 गेंदों में 57 रन बनाए। तभी मुझे लगा कि यह खिलाड़ी खास है।”
आईपीएल 2025 में वैभव सूर्यवंशी ने कुल 7 मैचों में 36 की औसत से 252 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। उनकी उम्र को देखते हुए, ये प्रदर्शन बेहद खास और भविष्य की एक झलक है।
बटलर ने अंत में कहा, “क्रिकेट वर्ल्ड को अब इस खिलाड़ी पर ध्यान देना चाहिए क्योंकि उसका आत्मविश्वास और खेल समझ उसे अगला बड़ा सुपरस्टार बना सकती है।”