Who is Sahil Chauhan: टी20 क्रिकेट को अक्सर बल्लेबाजों का खेल कहा जाता है. इस फॉर्मेट में तेजी से रन बनाना और चौके-छक्कों की झड़ी लगाना आम होता है. लेकिन कभी-कभी ऐसा खेल देखने को मिलता है जो पूरी क्रिकेट दुनिया को चौंका देता है. ऐसा ही कारनामा भारतीय मूल के क्रिकेटर साहिल चौहान ने किया. उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक जड़कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया.
साहिल ने केवल 27 गेंदों में शतक लगाया. इस पारी ने न सिर्फ रिकॉर्ड बुक बदल दी, बल्कि एस्टोनिया जैसे छोटे क्रिकेट देश को भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहचान दिलाई.
साहिल चौहान का जन्म 19 फरवरी 1992 को हरियाणा के पिंजौर इलाके के मानकपुर देवीलाल गांव में हुआ. उनका परिवार वहीं रहता है. बचपन से ही उन्हें क्रिकेट का शौक था. साहिल कहते हैं कि उन्होंने 6–7 साल की उम्र से गली क्रिकेट खेलना शुरू किया और यह उनका जुनून बन गया.
गांव की गलियों में खेलते हुए उन्होंने न सिर्फ तकनीक सीखी बल्कि क्रिकेट के प्रति प्यार भी बढ़ाया.
साहिल सिर्फ क्रिकेट में ही नहीं, बल्कि पढ़ाई में भी अच्छे रहे. उन्होंने डीएवी सीनियर पब्लिक स्कूल, सूरजपुर से पढ़ाई की. इसके बाद ग्रेजुएशन पंजाब विश्वविद्यालय से और पोस्ट-ग्रेजुएशन मोहाली के एक निजी विश्वविद्यालय से पूरी की. शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने अपने करियर को नई दिशा देने का फैसला किया. पढ़ाई ने उन्हें रणनीति और अनुशासन सिखाया, जो क्रिकेट में भी काम आया.
साल 2017 में साहिल अपने चाचा के पास एस्टोनिया गए. उनके चाचा वहां एक छोटा रेस्टोरेंट चलाते थे और साहिल वहां काम करने लगे. खाली समय का इस्तेमाल उन्होंने अपने शौक, यानी क्रिकेट, में किया. उन्होंने इंटरनेट पर “Estonia Cricket” खोजा और एक लोकल टीम का नंबर पाया. संपर्क करने पर उन्होंने एस्टोनिया में क्रिकेट खेलना शुरू किया.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का ज्यादा अनुभव न होने के बावजूद साहिल ने इतिहास रच दिया. उस मैच से पहले उन्होंने सिर्फ तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेले थे. एस्टोनिया बनाम साइप्रस टी20 इंटरनेशनल में साहिल ने:
27 गेंदों में शतक लगाया 41 गेंदों में नाबाद 144 रन बनाए 18 छक्के और 6 चौके मारे स्ट्राइक रेट 351.21 का रहा
इन सभी आंकड़ों ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया. उन्होंने एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.