हर साल ओडिशा के पुरी में आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा का महापर्व होती है. इस अवसर पर न केवल भारत के कोने-कोने से भक्त यहां जुटते हैं, बल्कि विदेशी सैलानियों की भी बड़ी संख्या इस पवित्र यात्रा में हिस्सा लेने के लिए पहुंचती है.
पुरी न केवल धार्मिक महत्व का केंद्र है, बल्कि यहां का गोल्डन बीच (पुरी बीच) भी पर्यटकों के आकर्षण का बड़ा केंद्र है. अगर आप भी इस यात्रा में शामिल होने जा रहे हैं और होटल पर भारी खर्च नहीं करना चाहते, तो पुरी की कुछ प्रमुख धर्मशालाओं और आश्रमों में ठहरने की योजना बना सकते हैं.
पुरी बस स्टैंड से केवल 2 किलोमीटर और जगन्नाथ मंदिर से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित बगरिया धर्मशाला, यात्रियों के बीच बेहद लोकप्रिय है. यहां एक साथ 1000 से अधिक लोगों के ठहरने की व्यवस्था है, जिसमें विशाल प्रवचन हॉल, रसोई और पार्किंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं.
रूम किराया: ₹200 से ₹400 प्रति दिन खास बात: प्रवचन, भंडारा और सामूहिक आयोजन भी नियमित रूप से होते हैं.
जगन्नाथ मंदिर से करीब 3 किलोमीटर दूर स्थित श्री गुंडिचा भक्त निवास उन लोगों के लिए आदर्श है जो थोड़े बेहतर सुविधा वाले विकल्प की तलाश में हैं. यहां ₹1000 में एसी कमरे उपलब्ध हैं और साथ ही शाकाहारी भोजन की सुविधा भी है.
रूम किराया: ₹1000 तक खास बात: मंदिर दर्शन के बाद आरामदायक ठहराव के लिए आदर्श विकल्प
पुरी रेलवे स्टेशन से 3 किमी और जगन्नाथ मंदिर से सिर्फ 200 मीटर दूर, ये गेस्ट हाउस लोकेशन के लिहाज से बेहद फायदेमंद है. यहां एसी और नॉन-एसी दोनों प्रकार के कमरे, लॉकर, और अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं.
रूम किराया: ₹500–₹700 प्रति दिन खास बात: पुरी बीच और बेदी हनुमान मंदिर पास में होने के कारण पर्यटकों के लिए यह एक बेहतरीन ऑप्शन है.
यदि आप कम बजट में अच्छी सुविधा चाहते हैं, तो श्री पुरुषोत्तम वाटिका धर्मशाला एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. ये धर्मशाला जगन्नाथ मंदिर के निकट स्थित है और ₹500 से भी कम में कमरे मिल जाते हैं. यहां स्थानीय ओडिया व्यंजन भी उपलब्ध हैं.
रूम किराया: ₹300–₹500 खास बात: ओडिशा के लोक-स्वाद के साथ ठहराव का अनुभव
पुरी रथ यात्रा के दौरान होटल मिलना मुश्किल और महंगा हो सकता है. ऐसे में ये धर्मशालाएं कम बजट में सुविधाजनक, सुरक्षित और धार्मिक वातावरण से भरपूर ठहरने का विकल्प देती हैं. यात्रा से पहले बुकिंग की जानकारी जरूर लें, क्योंकि रथ यात्रा के समय यहां काफी भीड़ रहती है.