Logo

Jaipur Markets : विदेशी भी हैं फैन! जयपुर की इन लोकल मार्केट्स से भरते हैं सूटकेस

Jaipur Markets : जयपुर की बाजारें हैं शॉपिंग का खजाना- जौहरी, त्रिपोलिया, बापू, किशनपोल और चांदपोल में मिलते हैं पारंपरिक कपड़े, ज्वेलरी और हस्तशिल्प आइटम्स.

👤 Samachaar Desk 22 Jun 2025 08:57 AM

 जयपुर, जिसे 'पिंक सिटी' के नाम से जाना जाता है, सिर्फ ऐतिहासिक महलों, किलों और इमारतों के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी रंग-बिरंगी बाजारों के लिए भी दुनियाभर में मशहूर है. हवा महल, आमेर किला और सिटी पैलेस जैसे टूरिस्ट स्पॉट्स देखने के बाद अगर आप सच में इस शहर को महसूस करना चाहते हैं, तो इसकी लोकल मार्केट्स को एक्सप्लोर करना न भूलें.

यहां की हर गली और हर बाजार में राजस्थान की पारंपरिक कला, संस्कृति और रंग देखने को मिलते हैं. चाहे आपको एंटीक ज्वेलरी पसंद हो, पारंपरिक कपड़े या फिर लोकल हैंडिक्राफ्ट, जयपुर की मार्केट्स आपके दिल को जरूर छू लेंगी.

जौहरी बाजार

जौहरी बाजार उन लोगों के लिए है जो जयपुर से कुछ कीमती और ट्रेडिशनल लेकर जाना चाहते हैं. यहां कुंदन, मीनाकारी और थेवा वर्क की शानदार ज्वेलरी मिलती है. सोने-चांदी के गहनों से लेकर रत्न जड़े डिजाइनों तक, यहां की वैरायटी लाजवाब है. ये बाजार अपनी ऐतिहासिक वास्तुकला और स्थानीय संस्कृति की जीवंतता के लिए भी जाना जाता है.

त्रिपोलिया बाजार

अगर आप पारंपरिक लाख की बनी चूड़ियों या कंगनों के शौकीन हैं, तो त्रिपोलिया बाजार आपकी पसंदीदा जगह बन सकती है. यहां पर स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार की गई असली लाख की ज्वेलरी मिलती है. इसके साथ ही यहां आपको हस्तशिल्प, पारंपरिक बर्तन और फैब्रिक भी आसानी से मिल जाते हैं. ये जयपुर के सबसे पुराने और विरासत भरे बाजारों में से एक है.

बापू बाजार

बापू बाजार उन लोगों के लिए है जो जयपुर के पारंपरिक कपड़े, राजस्थानी ब्लॉक प्रिंट ड्रेस या चमड़े के आइटम खरीदना चाहते हैं. यहां आपको ट्रेडिशनल फुटवियर, जूट बैग्स और हैंडमेड सजावटी आइटम्स भी मिल जाएंगे. बस ध्यान रखें- यहां मोलभाव करना एक आर्ट है और अगर आप ये जानते हैं, तो आप कम दाम में बेहतरीन चीजें पा सकते हैं.

किशनपोल बाजार

अगर आपका बजट सीमित है, लेकिन फिर भी कुछ यूनिक और ट्रेडिशनल खरीदना चाहते हैं, तो किशनपोल बाजार परफेक्ट रहेगा. ये बाजार लकड़ी पर की गई नक्काशी, रंग-बिरंगी बंधेज साड़ियां, ऑर्गेनिक आइटम्स और जूट के बैग्स के लिए जाना जाता है.

चांदपोल बाजार

चांदपोल बाजार में आपको जयपुर और राजस्थान की आत्मा दिखेगी. यहां की पगड़ियां, हस्तनिर्मित लकड़ी की मूर्तियां, कालीन, दीवार सजावट का सामान और लोकल आर्टफैक्ट्स इतनी खूबसूरत होती हैं कि आप बिना खरीदे वापस नहीं लौट सकते. लोक संस्कृति से जुड़ने का ये सबसे शानदार जरिया है.

जयपुर की मार्केट्स सिर्फ खरीदारी की जगह नहीं, बल्कि वहां की संस्कृति को जीने का अनुभव हैं. यहां शॉपिंग करते हुए आपको इतिहास, लोककला, और लोगों की मेहनत का एहसास एक साथ होगा. अगर आप जयपुर की सच्ची तस्वीर अपने साथ ले जाना चाहते हैं, तो इन बाजारों का हिस्सा जरूर बनिए.