Logo

स्किन ग्लो करेगी या बिगड़ेगा हाल? फेस सीरम लगाने से पहले जान लें ये जरूरी बातें

फेस सीरम स्किन को ग्लोइंग और हेल्दी बनाने का दावा करता है, लेकिन क्या ये हर स्किन टाइप के लिए सही है? एक्सपर्ट की मानें तो इसका चुनाव सोच-समझकर करना जरूरी है. जानिए आपकी स्किन के लिए सीरम सही है या नहीं – और क्या आपको इसे तुरंत लगाना बंद कर देना चाहिए!

👤 Samachaar Desk 22 Jun 2025 08:29 AM

आजकल स्किन केयर की दुनिया में फेस सीरम काफी पॉपुलर हो गया है. सोशल मीडिया पर स्किन इंफ्लूएंसर इसकी तारीफ करते नहीं थकते. लेकिन सवाल ये है कि क्या ये हर किसी के लिए जरूरी है? इस लेख में हम जानेंगे फेस सीरम से जुड़ी अहम बातें और एक्सपर्ट की राय.

फेस सीरम एक हल्का लेकिन एक्टिव इंग्रेडिएंट्स से भरपूर स्किन केयर प्रोडक्ट होता है. ये जेल, ऑयल या वॉटर-बेस्ड फॉर्म में आता है और त्वचा में जल्दी अब्सॉर्ब हो जाता है. सीरम त्वचा को गहराई से हाइड्रेट करता है, ग्लो बढ़ाता है और दाग-धब्बों को हल्का करने में मदद करता है. यही वजह है कि लोग इसे मॉइश्चराइजर के साथ अपनी स्किन केयर रूटीन में शामिल करते हैं.

हर किसी के लिए जरूरी नहीं है सीरम

डॉ. संदीप अरोड़ा, जो दिल्ली के अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल में डर्मेटोलॉजिस्ट हैं, बताते हैं कि फेस सीरम हर किसी के लिए जरूरी नहीं है. ये आपकी त्वचा की जरूरतों पर निर्भर करता है. सीरम में सक्रिय तत्व ज्यादा मात्रा में होते हैं, इसलिए ये तभी फायदेमंद होता है जब आपकी स्किन को उस विशेष तत्व की जरूरत हो.

स्किन टाइप के अनुसार चुनें सही सीरम

ड्राई स्किन के लिए ह्यालूरोनिक एसिड और विटामिन E युक्त सीरम फायदेमंद होते हैं. ऑयली और पिंपल वाली स्किन के लिए सैलिसिलिक एसिड या नॉन-ऑयली बेस वाला सीरम सही रहता है. सेंसिटिव स्किन वालों को खुशबू रहित और कम केमिकल वाला सीरम इस्तेमाल करना चाहिए. पिगमेंटेशन और दाग-धब्बों के लिए विटामिन C और नियासिनमाइड बेहतर रहते हैं. एजिंग साइन जैसे झुर्रियों के लिए रेटिनॉल और पेप्टाइड्स वाले सीरम अच्छे विकल्प हैं.

सीरम और मॉइस्चराइजर में क्या है अंतर?

कई लोग सोचते हैं कि सीरम और मॉइस्चराइजर एक ही काम करते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है. मॉइस्चराइजर त्वचा की ऊपरी सतह पर नमी को लॉक करता है. जबकि सीरम स्किन की गहराई तक जाकर काम करता है और कोशिकाओं पर सीधा असर डालता है. सीरम हल्का होता है और जल्दी स्किन में समा जाता है, जिससे ये ज्यादा गहराई से असर करता है.

फेस सीरम लगाने का सही तरीका

1. सबसे पहले चेहरा किसी माइल्ड फेस वॉश से साफ करें.

2. अगर आप टोनर लगाते हैं, तो पहले वह लगाएं.

3. अब 2–3 बूंद सीरम अपनी उंगलियों पर लें और पूरे चेहरे पर हल्के से थपथपाते हुए लगाएं.

4. सीरम को कुछ देर सूखने दें.

5. इसके बाद मॉइस्चराइजर और फिर दिन में सनस्क्रीन जरूर लगाएं. रात में सनस्क्रीन की जरूरत नहीं होती.

कब बंद करें सीरम का इस्तेमाल?

अगर सीरम लगाने के बाद त्वचा पर जलन, खुजली, रैश या एलर्जी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो उसका इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें. ऐसी स्थिति में डर्मेटोलॉजिस्ट से संपर्क करना सबसे बेहतर रहेगा.