रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता विफल होने के कुछ ही घंटों बाद रूस ने यूक्रेन पर जोरदार ड्रोन हमला किया। इस हमले में कम से कम एक महिला की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक चार साल का बच्चा भी शामिल है।
यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि यह हमला अब तक के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक था। रूस ने सुबह करीब 8 बजे 273 ड्रोन यूक्रेन पर भेजे। इनका निशाना राजधानी कीव और पूर्वी क्षेत्रों जैसे निप्रोपेट्रोव्स्क और डोनेट्स्क थे। इनमें से 88 ड्रोन को यूक्रेन ने मार गिराया और 128 ड्रोन इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम की वजह से खुद ही बंद हो गए।
कीव के एक अधिकारी ने बताया कि इस हमले से बिजली की सप्लाई और अन्य जरूरी सुविधाओं को काफी नुकसान हुआ है।
हमले के बाद यूक्रेन सरकार ने दुनिया से अपील की है कि रूस के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।
विशेषज्ञों का मानना है कि रूस अब शांति की बात करते हुए एक साथ ड्रोन और साइबर हमलों से दबाव बढ़ा रहा है। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब कुछ दिन पहले ही इस्तांबुल (तुर्की) में दोनों देशों के बीच वार्ता हुई थी, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका।
अब देखना होगा कि क्या यह हमला बातचीत के सभी रास्ते बंद कर देगा या फिर दुनिया कोई समाधान निकालने के लिए आगे आएगी।