रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर अप्रत्यक्ष हमला करते हुए कहा कि कुछ देश भारत की तेज़ तरक्की से परेशान हैं और सोचते हैं कि "सबके बॉस तो हम ही हैं"। यह बयान उन्होंने मध्य प्रदेश में एक कार्यक्रम के दौरान दिया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था लगातार तेज़ी से आगे बढ़ रही है, लेकिन कुछ ताकतें चाहती हैं कि भारतीय सामान महंगा हो जाए ताकि उसकी वैश्विक बाजार में मांग घट जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय उत्पादों पर ज्यादा टैरिफ लगाकर इन्हें महंगा बनाने की कोशिश की जा रही है, जिससे वे अपनी प्रतिस्पर्धा खो दें।
उन्होंने कहा कि जब भारत में बने सामान की कीमत विदेशों में बने सामान से ज्यादा हो जाएगी, तो लोग इन्हें खरीदना बंद कर देंगे। यही कारण है कि कुछ लोग भारत की तरक्की से ईर्ष्या कर रहे हैं।
यह टिप्पणी भारत और अमेरिका के बीच चल रहे व्यापारिक तनाव के बीच आई है। हाल ही में अमेरिका ने भारतीय निर्यात पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगा दिया था, जिस पर भारत ने नाराजगी जताई और इसे "अनुचित और अविवेकपूर्ण" बताया। भारत ने साफ कहा है कि वह अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए ज़रूरी कदम उठाएगा।
रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि भारत की प्रगति को कोई नहीं रोक सकता और देश जल्द ही एक बड़ी वैश्विक शक्ति बनेगा। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में हुए बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि पहले भारत को विमान, हथियार और कई रक्षा उपकरण विदेश से खरीदने पड़ते थे, लेकिन अब इन्हें भारत में ही बनाया जा रहा है। न केवल देश की जरूरतें पूरी हो रही हैं, बल्कि भारत इनका निर्यात भी कर रहा है।
राजनाथ सिंह ने गर्व से कहा, "भारत अब रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर हो रहा है और दुनिया की कोई ताकत हमें आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती।"