Logo

PM किसान की 22वीं किस्त अटकी? घबराएं नहीं, घर बैठे ऐसे करें स्टेटस चेक और दर्ज करें शिकायत

PM Kisan: PM किसान की 22वीं किस्त 13 मार्च को जारी कर दी गई, जिसके तहत देशभर के 9 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में 2-2 हजार रुपये भेजे गए। हालांकि कई किसानों के खाते में अभी तक पैसा नहीं पहुंचा है।

👤 Ashwani Kumar 14 Mar 2026 02:43 PM

केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को हर साल तीन किस्तों में आर्थिक सहायता दी जाती है। हाल ही में 13 मार्च को योजना की 22वीं किस्त जारी की गई, जिसके तहत देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के बैंक खातों में 2-2 हजार रुपये भेजे गए। हालांकि, कई किसानों ने शिकायत की है कि उनके खाते में अभी तक यह राशि नहीं पहुंची है। ऐसे में परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि कुछ आसान तरीकों से यह पता लगाया जा सकता है कि किस्त क्यों अटकी हुई है।

सबसे पहले लाभार्थी सूची में देखें अपना नाम

अगर आपके खाते में पैसा नहीं आया है तो सबसे पहले यह जांचना जरूरी है कि आपका नाम लाभार्थियों की सूची में है या नहीं। इसके लिए PM Kisan Portal पर जाकर Beneficiary List विकल्प में जानकारी देखी जा सकती है।

  • इसके लिए किसान को वेबसाइट pmkisan.gov.in खोलनी होगी
  • इसके बाद Beneficiary List पर क्लिक करें अपना राज्य, जिला, उप-जिला, ब्लॉक और गांव चुनें
  • Search बटन दबाने पर गांव के सभी लाभार्थियों की सूची स्क्रीन पर दिखाई देगी
  • अगर इस सूची में आपका नाम है, तो आप योजना के पात्र लाभार्थी हैं
  • अगर नाम नहीं दिखता है, तो संभव है कि आपके रिकॉर्ड में कोई कमी हो।

ऐसे जांचें कि पैसा ट्रांसफर हुआ या नहीं

कई बार सरकार की ओर से पैसा भेज दिया जाता है, लेकिन जानकारी के अभाव में किसान चिंतित हो जाते हैं। इसलिए Beneficiary Status विकल्प में जाकर किस्त की स्थिति जरूर जांचनी चाहिए।

  • इसके लिए पोर्टल पर Beneficiary Status सेक्शन खोलें
  • वहां आधार नंबर, बैंक खाता नंबर या मोबाइल नंबर दर्ज करें
  • इसके बाद Get Data पर क्लिक करने पर स्क्रीन पर पूरी जानकारी दिखाई देगी
  • यहां यह भी पता चल जाएगा कि किस तारीख को किस्त भेजी गई और वह आपके खाते में पहुंची या नहीं

किन कारणों से अटक सकती है किस्त

कई बार छोटी तकनीकी वजहों से भी किस्त रुक सकती है। इसलिए किसानों को कुछ जरूरी बातों की जांच कर लेनी चाहिए। सबसे पहले यह देख लें कि e-KYC पूरा हुआ है या नहीं। इसके अलावा यह भी सुनिश्चित करें कि आधार नंबर बैंक खाते से लिंक हो। जमीन से संबंधित रिकॉर्ड यानी Land Seeding अपडेट होना भी जरूरी है। इन प्रक्रियाओं में कोई कमी होने पर किस्त जारी होने में देरी हो सकती है।

समस्या होने पर यहां दर्ज करें शिकायत

अगर सभी जानकारी सही होने के बावजूद भी पैसे नहीं आए हैं तो किसान शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए सरकार ने कई हेल्पलाइन विकल्प उपलब्ध कराए हैं।

किसान 155261 या 18001801551 नंबर पर कॉल करके सहायता ले सकते हैं। तकनीकी समस्या होने पर 011-24300661 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा अपनी समस्या [pmkisan-ict@gov.in] ईमेल पर भी भेजी जा सकती है। शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित विभाग जानकारी की जांच करता है और यदि सब कुछ सही पाया जाता है तो रुकी हुई किस्त जल्द ही किसान के खाते में भेज दी जाती है।