पाकिस्तान से भारत आईं सीमा हैदर फरवरी 2026 में छठी बार मां बनीं। गुरुवार को उन्होंने और उनके पति सचिन ने अपने नवजात बेटे का नामकरण किया। इस खुशी के मौके पर कपल ने अपने बेटे का नाम ‘भारत’ रखा। यह नाम सुनकर पड़ोसी देश पाकिस्तान के लोगों को शायद थोड़ी चुभन महसूस हो। नामकरण समारोह नोएडा के रबुपुरा स्थित उनके घर पर हुआ। इस अवसर पर सीमा ने कहा कि हिंदू धर्म बेहद सुंदर है और उन्हें हिंदू होने पर गर्व महसूस होता है।
सीमा हैदर ने बताया कि हिंदू धर्म में बेटे के जन्म पर नामकरण करना एक खास परंपरा है। उन्होंने कहा, “यह हमारे घर में दूसरा कुआं पूजन है। पहले मीरा के जन्म पर भी यह परंपरा निभाई गई थी। इस मौके पर मैं बहुत खुश महसूस करती हूं। हमारे हिंदू धर्म में छोटे-छोटे त्योहार और रस्में परिवार में प्यार और खुशियाँ बढ़ाती हैं। मुझे गर्व है कि मैं हिंदू हूं और कभी इसका पछतावा नहीं होता।”
बेटे का नाम भारत रखने के पीछे की वजह भी सीमा ने बताई। उन्होंने कहा, “जब पंडित ने नाम की सलाह दी, तो वह ‘भ’ अक्षर से शुरू हुआ। हमने सोचा कि भारत से सुंदर और खास नाम और कोई नहीं हो सकता। इसलिए हमने यही नाम रखा।”
सीमा ने साफ कहा कि वे वापस पाकिस्तान नहीं जाना चाहतीं। उन्होंने बताया, “मुझे भारत को सपोर्ट करना अच्छा लगता है। हर मैच में मैं भगवान से भारत की जीत की प्रार्थना करती हूं। जब भारत जीतता है, तो पूरा परिवार मिलकर जश्न मनाता है। रबुपुरा में हर जाति और समुदाय के लोग मुझे प्यार और सम्मान देते हैं। मुझे अपनी बहू की तरह मानते हैं। यही कारण है कि मैं यहां ही रहना चाहती हूं।”
सीमा अपने पहले पति से चार बच्चों की मां हैं। सचिन से शादी के बाद उन्होंने दो और बच्चों को जन्म दिया। पाकिस्तानी नागरिक सीमा 2023 में अपने चार बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते भारत आई थीं। सचिन से उनकी मुलाकात ऑनलाइन गेम PUBG खेलते समय हुई थी। इसके बाद जब सीमा यूपी आईं, तो सचिन ने उन्हें किराए के मकान में रखा। कपल का दावा है कि दोनों ने 2023 में काठमांडू के एक मंदिर में शादी की थी। सीमा कई बार कह चुकी हैं कि हिंदुस्तान उनके लिए अब सब कुछ है और वह यहीं रहना चाहती हैं।