Logo

तेज प्रताप यादव को लालू ने पार्टी से निकाला, रिश्ते को लेकर पोस्ट के बाद एक्शन

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने नैतिक और सामाजिक मूल्यों के उल्लंघन का हवाला देते हुए अपने बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया है।

👤 Saurabh 25 May 2025 04:36 PM

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार दोनों से बाहर कर दिया है। उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। लालू ने लिखा कि तेज प्रताप का व्यवहार और सार्वजनिक आचरण न तो पारिवारिक मूल्यों के अनुरूप है और न ही पार्टी की संस्कृति से मेल खाता है।

लालू यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा''निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमज़ोर करता है। ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है। अतएव उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूँ। अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी। उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है।

तेजप्रताप से संबंध रखने वालों को चेतावनी 

उन्होंने आगे ये भी कहा, अपने निजी जीवन का भला -बुरा और गुण-दोष देखने में वह स्वयं सक्षम है। उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें। लोकजीवन में लोकलाज का सदैव हिमायती रहा हूँ। परिवार के आज्ञाकारी सदस्यों ने सावर्जनिक जीवन में इसी विचार को अंगीकार कर अनुसरण किया है। धन्यवाद।

तेजस्वी यादव ने अध्यक्ष लालू के फैसले का समर्थन किया

इस मामले पर तेज प्रताप के छोटे भाई और RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि पार्टी ऐसी हरकतों को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि उनका पूरा ध्यान बिहार की जनता की सेवा पर है। तेज प्रताप के निजी फैसले उनके अपने हैं, लेकिन पार्टी में अनुशासन जरूरी है।

तेजप्रताप यादव ने किया था रिलेशनशिप का ऐलान!

इस विवाद की शुरुआत शनिवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट से हुई थी जिसमें तेज प्रताप के एक महिला के साथ 12साल से रिलेशन का दावा कर रहे थे। हालांकि कुछ ही देर में पोस्ट डिलीट हो गई थी। बाद में तेज प्रताप ने कहा कि उनका फेसबुक अकाउंट हैक हो गया था और उनकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ की गई है।

तेज प्रताप की शादी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा राय की पोती ऐश्वर्या राय से हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही ऐश्वर्या ने उन पर घरेलू हिंसा और उत्पीड़न के आरोप लगाए थे और अब तलाक का मामला कोर्ट में लंबित है।

यह पूरा घटनाक्रम ऐसे वक्त पर सामने आया है जब बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिससे राजनीतिक हलचल और बढ़ गई है।