Delhi NCR Weather: रविवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में आई तेज़ आंधी, बारिश और गरज-चमक के बीच इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) के एक हिस्से की छत गिर गई. हालांकि, एयरपोर्ट प्रबंधन (DIAL) ने बताया कि तत्काल एक्शन लेकर सुरक्षा सुनिश्चित की गई और परिचालन पर अधिक असर नहीं पड़ा.
तेज़ बारिश से दिल्ली की सड़कों पर हाहाकार मच गया. कई जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम के हालात रहे. सबसे दर्दनाक घटना में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई, जब असिस्टेंट कमिश्नर ऑफिस की छत बारिश के दौरान ढह गई.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शनिवार देर रात सबसे तेज़ हवा की रफ्तार 82 किमी/घंटा दर्ज की गई जो कि सफदरजंग एयरपोर्ट क्षेत्र में रही. प्रगति मैदान में 76 किमी/घंटा और दिल्ली यूनिवर्सिटी (उत्तर दिल्ली) में सबसे कम 37 किमी/घंटा की रफ्तार दर्ज की गई. हवाई अड्डे को जोड़ने वाले मुख्य अंडरपास में पानी भर गया, जिससे कई गाड़ियां बीच सड़क में फंस गईं.कई वाहन जलभराव में डूब गए और भारी नुकसान हुआ.
मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी किया था कि शनिवार रात धूल भरी आंधी, फिर तेज़ तूफान और बारिश आ सकती है, जिसमें हवा की गति 60 से 100 किमी/घंटा तक हो सकती है. मौसम विभाग की चेतावनी सही साबित हुई. तेज़ हवाओं और बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट आई और दिल्ली में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 6.9 डिग्री कम है.