COVID-19: सिंगापुर और हांगकांग के बाद अब भारत में भी कोरोना के मामले धीरे-धीरे बढ़ने लगे हैं। पिछले कुछ हफ्तों में संक्रमण के मामलों में इजाफा देखा गया है। इस पर ध्यान देते हुए देश की स्वास्थ्य एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में इस समय 1,009 सक्रिय COVID-19 मरीज हैं। हाल ही में 752 नए मामले सामने आए हैं।
केरल सबसे ज़्यादा प्रभावित राज्य है, जहां 430 एक्टिव केस हैं। इसके बाद महाराष्ट्र (209), दिल्ली (104), गुजरात (83), कर्नाटक (47), उत्तर प्रदेश में 15 और पश्चिम बंगाल में 12 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। वहीं हाल ही में ठाणे के एक अस्पताल में 21 साल के युवक की कोविड से मौत भी हुई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे राज्यों में हालात की समीक्षा की है। राहत की बात यह है कि ज़्यादातर मामले हल्के लक्षण वाले हैं और मरीज घर पर ही ठीक हो रहे हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा, यह देखा गया है कि इनमें से अधिकांश मामले हल्के हैं और घर पर देखभाल के तहत हैं। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय सतर्क है और अपनी कई एजेंसियों के माध्यम से स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, रिपोर्ट किए गए अधिकांश COVID मामले हल्के थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता नहीं थी। देश एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) और ICMR के माध्यम से श्वसन संबंधी बीमारियों की निगरानी करना जारी रखता है।
हाथों की सफाई का ध्यान रखें।
भीड़भाड़ में मास्क पहनें।
बीमार महसूस हो तो भीड़ से बचें।