AIMIM MP Bahrain Visit: भारत के कड़े रुख और आतंकवाद के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने के अभियान के तहत सांसदों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल इन दिनों बहरीन और कुवैत के दौरे पर है. इस डेलीगेशन में शामिल ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलमीन (AIMIM) के प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने पाकिस्तान को आड़े हाथों लेते हुए उसे आतंकवाद का जनक करार दिया.
ओवैसी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि 'पाकिस्तान खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश करता है, लेकिन हकीकत यह है कि वह वर्षों से भारत के खिलाफ आतंकवाद को प्रायोजित करता आया है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से प्रशिक्षित आतंकवादियों ने भारत में दर्जनों बड़े हमले किए हैं जिनमें हजारों निर्दोष नागरिकों की जान गई है.
ओवैसी ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने बहरीन की सरकार को मुंबई ब्लास्ट, लोकल ट्रेन धमाकों, जम्मू-कश्मीर विधानसभा पर आत्मघाती हमला, पुलवामा और पठानकोट जैसे मामलों के तथ्यात्मक आंकड़े और पाकिस्तानी भूमिका के सबूत दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह बताना जरूरी है कि इन हमलों में पाकिस्तान से आए आतंकवादियों का सीधा हाथ रहा है.
ओवैसी ने कहा कि उन्होंने बहरीन प्रशासन को The Resistance Front (TRF) जैसे संगठनों की भूमिका और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के साथ उनके संपर्कों की भी जानकारी दी. उन्होंने कहा, 'हमने पहले ही आगाह किया था कि TRF भारत में बड़ी घटनाओं को अंजाम दे सकता है. पहलगाम हमले के बाद TRF ने दो बार हमले की जिम्मेदारी लेकर खुद ही पाकिस्तान की भूमिका स्पष्ट कर दी है.
ओवैसी ने कहा कि बहरीन ने भारत के रुख की सराहना की और माना कि भारत बहरीन की तरक्की में अहम भागीदार है. उन्होंने कहा कि भारत को अस्थिर करने की साजिशें सिर्फ भारत नहीं, बल्कि पूरे दक्षिण एशियाई क्षेत्र की शांति के लिए खतरा हैं.
इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बीजेपी नेता बैजयंत जय पांडा कर रहे हैं. उनके साथ निशिकांत दुबे, फांगनोन कोन्याक, रेखा शर्मा, सतनाम सिंह संधू, पूर्व सीएम गुलाम नबी आज़ाद और पूर्व राजनयिक हर्षवर्धन श्रृंगला जैसे नेता भी शामिल हैं. प्रतिनिधिमंडल ने बहरीन के डिप्टी प्राइम मिनिस्टर शेख खालिद बिन अब्दुल्ला अल खलीफा, शूरा काउंसिल प्रमुख अली बिन सालेह और प्रतिनिधि सभा के डिप्टी स्पीकर अब्दुल नबी सलमान से मुलाकात की और भारत की आतंकवाद विरोधी नीति को विस्तार से साझा किया.
Copyright © 2026 The Samachaar
