एविएशन रेगुलेटर DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) ने एयर इंडिया के 3 सीनियर अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इन अधिकारियों को हाल की उड़ानों में हुई सुरक्षा में गंभीर लापरवाही के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। DGCA ने कहा है कि इन अधिकारियों को तुरंत उनके काम से हटाया जाए।
एयर इंडिया ने खुद इन गलतियों की जानकारी DGCA को दी थी। जांच में पता चला कि कई फ्लाइट क्रू बिना जरूरी लाइसेंस, आराम और अनुभव नियमों को पूरा किए उड़ानों में शामिल किए गए थे, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है।
ये खामियां एयर इंडिया की पुरानी क्रू मैनेजमेंट सिस्टम (ARMS) से नए सिस्टम (CAE Flight and Crew Management) में बदलाव के बाद सामने आईं। DGCA ने इसे सिस्टम में बड़ी खामी और अंदरूनी लापरवाही बताया है।
तीन जिन अधिकारियों को दोषी पाया गया है, उनके नाम हैं:
चूराह सिंह (डिविजनल वाइस प्रेसिडेंट)
पिंकी मित्तल (चीफ मैनेजर, क्रू शेड्यूलिंग)
पायल अरोड़ा (क्रू शेड्यूलिंग – प्लानिंग)
इन लोगों पर आरोप है कि इन्होंने बिना अनुमति और नियमों के खिलाफ क्रू की ड्यूटी तय की, जिससे फ्लाइट सुरक्षा को खतरा हुआ।
DGCA ने आदेश दिया है कि इन अधिकारियों को क्रू शेड्यूलिंग से जुड़े सभी कामों से तुरंत हटाया जाए। इनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की जाए और 10 दिनों के अंदर इसकी रिपोर्ट भेजी जाए। जब तक सुधार पूरे नहीं होते, ये लोग किसी भी फ्लाइट ऑपरेशन से जुड़े काम में शामिल नहीं होंगे।
यह कार्रवाई उस हादसे के कुछ दिन बाद हुई है, जिसमें अहमदाबाद से लंदन (गैटविक) जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश हो गई थी और 241 लोगों की मौत हो गई थी।
एयर इंडिया ने कहा है कि वह DGCA के आदेश का पालन कर रही है और अब कंपनी के चीफ ऑपरेशंस ऑफिसर IOCC (Integrated Operations Control Centre) पर सीधा नियंत्रण रखेंगे। एयरलाइन ने कहा कि वह सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है।