दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर लोगों से अपील की कि योग को सिर्फ व्यायाम न समझें, बल्कि इसे एक सम्पूर्ण जीवन जीने की विधि के रूप में अपनाएं। उन्होंने यमुना नदी के किनारे सोनिया विहार वॉटर स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए धन्यवाद दिया।
इस योग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। साथ ही मंत्री प्रवेश वर्मा, सांसद मनोज तिवारी, मंत्री कपिल मिश्रा और विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट जैसे कई नेता भी शामिल हुए।
सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “योग सिर्फ शारीरिक व्यायाम नहीं है, यह शरीर, मन और आत्मा को संतुलन में लाने की एक कला है। यह न केवल इंसान के स्वास्थ्य बल्कि प्रकृति को भी संतुलित रखने का माध्यम है। प्रधानमंत्री मोदी ने योग को दुनिया भर में पहचान दिलाई है, जिसके लिए मैं उनका दिल से धन्यवाद करती हूं।”
उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर दिल्ली को योग नगरी के रूप में पहचान दिलानी चाहिए।
इसके अलावा दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में मंत्री प्रवेश वर्मा ने योग सत्र का नेतृत्व किया। छत्रसाल स्टेडियम में मंत्री आशीष सूद और यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भी योग सत्र का आयोजन हुआ।
मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी सोशल मीडिया पर योग दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि जीवन को भी संतुलित बनाता है। उन्होंने लोगों से योग को अपने रोज़मर्रा के जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।