Logo

JK: किश्तवाड़ एनकाउंटर में 1 जवान शहीद-2 घायल, जैश के 2 आतंकवादी ढेर

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में हुए एक एनकाउंटर में एक जवान शहीद हो गया, जबकि दो अन्य घायल हो गए। इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकवादियों को मार गिराया।

👤 Saurabh 22 May 2025 06:01 PM

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में गुरुवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए, जबकि सेना का एक जवान शहीद हो गया। शहीद जवान आतंकी फायरिंग में गंभीर रूप से घायल हो गया था और इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।

कैसे शुरू हुई मुठभेड़?

सुबह के समय सेना की 2 पैरा स्पेशल फोर्स, 11वीं राष्ट्रीय राइफल्स, 7वीं असम राइफल्स और एसओजी किश्तवाड़ के जवानों ने सिंहपोरा चतरू गांव के शारी और मंड्राल ढोक इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। जैसे ही सुरक्षाबल संदिग्ध स्थान के पास पहुंचे, वहां छिपे आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इसके जवाब में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए दो आतंकियों को मार गिराया।

अभी तक क्या अपडेट है?

मारे गए आतंकियों के शव बरामद नहीं हो सके हैं।

शहीद जवान की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा बल इलाके को पूरी तरह से खंगाल रहे हैं।