गर्मियों में मिलने वाला खट्टा-मीठा और बैंगनी रंग का जामुन स्वाद में तो लाजवाब होता ही है, सेहत के लिहाज से भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. डायबिटीज के मरीजों से लेकर पाचन की समस्या वाले लोगों तक के लिए यह फल किसी औषधि से कम नहीं है. लेकिन कई लोग एक आम गलती करते हैं, जिससे इसका फायदा उल्टा नुकसान में बदल सकता है और वो गलती है, जामुन खाने के तुरंत बाद पानी पीना.
जामुन में मौजूद नेचुरल एसिड और टैनिन पाचन क्रिया को तेज करने में मदद करते हैं. लेकिन अगर इसके बाद तुरंत पानी पिया जाए, तो ये एसिड पानी से डायल्यूट हो जाते हैं, जिससे पाचन बिगड़ सकता है. परिणामस्वरूप गैस, अपच और पेट भारी होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
जामुन की तासीर ठंडी होती है. इसके बाद ठंडा पानी पीने से गले में खराश, सूजन या जुकाम हो सकता है. कई बार यह समस्या लंबे समय तक भी बनी रहती है, खासकर बारिश या गर्मियों में.
जामुन का एसिड दांतों की ऊपरी परत को थोड़ा नरम बना देता है. ऐसे में पानी पीने से वह परत और कमजोर हो सकती है जिससे दांतों में झनझनाहट और दर्द की समस्या बढ़ जाती है.
जामुन के बाद पानी पीने से कुछ लोगों को पेट में मरोड़ और दस्त की समस्या होती है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों में यह खतरा ज्यादा रहता है. यह डाइजेशन में बाधा पहुंचा सकता है.
एक्सपर्ट की सलाह है कि जामुन खाने के कम से कम 30 से 35 मिनट बाद ही पानी पिएं. इससे पाचन सही रहेगा और साइड इफेक्ट्स से भी बचाव होगा.
जामुन एक बेहतरीन फल है, लेकिन इसे खाने के बाद थोड़ी सी सावधानी न बरती जाए, तो यह नुकसानदायक भी साबित हो सकता है. जामुन खाएं, लेकिन पानी पीने से पहले समय ज़रूर दें.
(Disclaimer: यह स्टोरी सामान्य जानकारियों पर आधारित है. किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या में विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें.)