भारतीय रसोई की शान माने जाने वाला देसी घी सिर्फ स्वाद में ही नहीं, सेहत के नजरिए से भी बेहद फायदेमंद है. पुराने समय से आयुर्वेद में घी को अमृत समान माना गया है. जहां लोग इसे वजन बढ़ने का कारण मानते हैं, वहीं विशेषज्ञ मानते हैं कि सीमित मात्रा में लिया गया देसी घी न सिर्फ एनर्जी देता है बल्कि शरीर को अंदर से मजबूत भी बनाता है.
देसी घी में मौजूद हेल्दी फैट्स शरीर को नुकसान पहुंचाने की बजाय उसे ऊर्जा प्रदान करते हैं. यह फैट्स आसानी से पचते हैं और वजन नहीं बढ़ाते, जब तक कि आप इसे संतुलित मात्रा में लें. यही नहीं, इसमें पाए जाने वाले ओमेगा-3 फैटी एसिड, विटामिन A और E शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं और बीमारियों से लड़ने की ताकत देते हैं.
आयुर्वेद के अनुसार, देसी घी मस्तिष्क की कार्यक्षमता को बढ़ाता है और याददाश्त को मजबूत करता है. रोजाना थोड़ी मात्रा में इसका सेवन बालों को घना, मजबूत और चमकदार बनाता है. इसके अलावा, ड्राई स्किन पर घी की हल्की मालिश करने से त्वचा सॉफ्ट और ग्लोइंग बनती है.
देसी घी पाचन तंत्र को सुधारता है. यह पेट की जलन और गैस की समस्या को कम करता है. साथ ही इसमें मौजूद विटामिन्स हॉर्मोन बैलेंस करने और फर्टिलिटी बढ़ाने में भी मदद करते हैं. अगर सर्दी-खांसी हो जाए तो हल्दी या गुनगुने दूध के साथ इसका सेवन करने से तुरंत आराम मिलता है.
देसी घी एक प्राकृतिक सुपरफूड है, जिसे अगर रोज़ाना सही मात्रा में सेवन किया जाए तो यह शरीर को अंदर से मजबूत बनाता है और कई बीमारियों से बचाता है. यह न सिर्फ स्वादिष्ट है, बल्कि सेहत के लिए भी एक वरदान है.
(Disclaimer: यह जानकारी सामान्य ज्ञान पर आधारित है. किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लिए विशेषज्ञ से सलाह लें.)