Gabru Release Date: हाल ही में फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की कामयाबी के बाद एक्टर सनी देओल के फैंस उनकी अगली फिल्म ‘गबरू’ का इंतजार कर रहे हैं. इस फिल्म का निर्देशन शशांक उदापुरकर ने किया है. सनी देओल ने एक बातचीत में कहा था कि ये फिल्म उनके दिल के बहुत करीब है. उन्होंने ये भी संकेत दिया था कि इसमें दर्शकों को उनका अलग रूप देखने को मिलेगा. इसी वजह से फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है.
पहले यह फिल्म 13 मार्च को सिनेमाघरों में आने वाली थी. लेकिन बाद में खबर आई कि तय तारीख पर फिल्म रिलीज नहीं होगी. इसके बाद से दर्शक नई तारीख जानने का इंतजार कर रहे थे. अब मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि फिल्म 8 मई को रिलीज हो सकती है. हालांकि, निर्माताओं की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. माना जा रहा है कि जल्द ही इसकी पुष्टि की जाएगी.
फिल्म में सनी देओल के साथ एक्ट्रेस सिमरन और एक्टर प्रीत कमानी भी नजर आएंगे. खास बात ये है कि सलमान खान भी इस फिल्म का हिस्सा हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, वह इसमें कैमियो भूमिका में दिखाई देंगे. सनी देओल और सलमान खान को एक साथ पर्दे पर देखना दर्शकों के लिए दिलचस्प अनुभव हो सकता है, क्योंकि दोनों लंबे समय से हिंदी सिनेमा का हिस्सा रहे हैं.
‘गबरू’ एक एक्शन-ड्रामा फिल्म बताई जा रही है. इसका निर्देशन करने के साथ-साथ शशांक उदापुरकर ने इसकी कहानी भी लिखी है. फिल्म के निर्माता ओम छंगाणी और विशाल राणा हैं. संगीत की जिम्मेदारी मिथुन ने संभाली है, जबकि गीतों के बोल सईद कादरी ने लिखे हैं। टीम का मानना है कि फिल्म की कहानी और संगीत दोनों दर्शकों को पसंद आएंगे.
फिल्म की रिलीज टलने की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है. लेकिन माना जा रहा है कि मार्च में बड़ी फिल्मों की रिलीज के कारण यह फैसला लिया गया. 19 मार्च को रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ रिलीज होने वाली है. इसके पहले भाग को दर्शकों ने काफी पसंद किया था, इसलिए दूसरे भाग से भी अच्छी कमाई की उम्मीद की जा रही है.
इसी दिन अभिनेता यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ भी रिलीज हो रही है. दो बड़ी फिल्मों के साथ मुकाबला होने से ‘गबरू’ के प्रदर्शन पर असर पड़ सकता था. ऐसे में निर्माताओं ने फिल्म को आगे बढ़ाने का फैसला किया होगा, ताकि उसे बॉक्स ऑफिस पर बेहतर मौका मिल सके.