Logo

Shefali Jariwala : मां बनना चाहती थीं शेफाली! लेकिन कोरोना काल ने तोड़ दिया उनका सबसे बड़ा सपना

Shefali Jariwala : 'कांटा लगा' फेम शेफाली जरीवाला का 42 साल की उम्र में कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया. उन्होंने एक्टर पराग त्यागी से शादी की. दोनों ने बच्चा गोद लेने की योजना भी बनाई थी, लेकिन कोविड के कारण ये सपना अधूरा रह गया.

👤 Samachaar Desk 28 Jun 2025 10:32 AM

Shefali Jariwala :  ‘जिंदगी दो पल की है’ ये महज एक गाना नहीं, बल्कि शेफाली जरीवाला की अचानक हुई मौत के बाद एक सच्चाई बनकर सामने आई है. 42 साल की उम्र में कार्डियक अरेस्ट के चलते उनका निधन हो गया. तीन दिन पहले तक सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरों से फैंस को इंप्रेस करने वाली शेफाली को लेकर किसी ने सोचा भी नहीं था कि इतनी जल्दी उनकी विदाई की खबर सुनने को मिलेगी. रात के अंधेरे में दिल ने उनका साथ छोड़ दिया.

शेफाली जरीवाला का जन्म अहमदाबाद, गुजरात में हुआ था. साल 2002 में आए हिट रीमिक्स ‘कांटा लगा’ ने उन्हें जबरदस्त पॉपुलैरिटी दिलाई. उस गाने की बदौलत वे हर घर में पहचानी जाने लगीं और उन्हें 'कांटा लगा गर्ल' कहा जाने लगा. उस एक गाने ने उन्हें शोहरत की बुलंदियों पर पहुंचा दिया.

पहली शादी में छिपा था दर्द

कम ही लोग जानते हैं कि शेफाली की पहली शादी ‘मीट ब्रदर्स’ के सिंगर हरमीत सिंह से हुई थी. साल 2004 में शादी के बाद कुछ वक्त तक सब ठीक रहा, लेकिन फिर रिश्ते में दरारें पड़ने लगीं. एक इंटरव्यू में शेफाली ने बताया था कि वह शादी उनके लिए किसी टॉर्चर से कम नहीं थी. उन्होंने मानसिक हिंसा झेली और हर दिन खुद को कमजोर महसूस किया.

मैं एक इंडिपेंडेंट वुमन रही हूं और इसी आत्मनिर्भरता ने मुझे उस दर्द भरे रिश्ते से बाहर आने की हिम्मत दी." — शेफाली जरीवाला

तलाक को नहीं माना टैबू

शेफाली ने समाज की उस सोच को भी चुनौती दी, जिसमें तलाक को बदनामी माना जाता है. उनका मानना था कि हर हिंसा शारीरिक नहीं होती, मानसिक पीड़ा भी उतनी ही घातक होती है. उन्होंने कहा था कि अगर आपकी कद्र नहीं हो रही है, तो उस रिश्ते से बाहर निकल जाना ही समझदारी है.

पराग त्यागी से मिली नई राह

तलाक के बाद शेफाली की जिंदगी में आए टीवी एक्टर पराग त्यागी. 'पवित्र रिश्ता' और 'जोधा अकबर' जैसे सीरियल्स से पहचान बनाने वाले पराग से उनकी मुलाकात एक पार्टी में हुई थी. उस दौर में शेफाली टूट चुकी थीं, लेकिन पराग की सादगी और केयरिंग ने उन्हें नई उम्मीद दी. दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और साल 2014 में शादी के बंधन में बंध गए.

शेफाली और पराग एक बच्चा गोद लेना चाहते थे. उन्होंने 2020 के एक इंटरव्यू में इसका जिक्र किया था. पराग और शेफाली दोनों इसके लिए बेहद उत्साहित थे, लेकिन कोविड महामारी के चलते उन्होंने यह फैसला टाल दिया. ये सपना अधूरा ही रह गया.