मुंबई: शाहिद कपूर के लिए 2023 एक शानदार साल रहा. जहां उनकी फिल्म ‘देवा’ बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हुई, वहीं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उनका सितारा चमकता रहा. शाहिद ने अपनी डिजिटल डेब्यू सीरीज 'फर्जी' से लोगों का दिल जीता और अब वो उसी सीरीज के हिट सीक्वल ‘फर्जी 2’ में नजर आएंगे. इस सीरीज के लिए शाहिद कपूर को उनके करियर की सबसे बड़ी फीस मिल रही है, जो उनके लिए एक नई शुरुआत का संकेत है.
शाहिद कपूर को ‘फर्जी 2’ के लिए 45 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड फीस मिल रही है, जो उनकी अब तक की सबसे बड़ी फीस है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहिद आमतौर पर एक फिल्म के लिए 25 से 30 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं, लेकिन डिजिटल प्रोजेक्ट्स के लिए उनका फीस स्ट्रक्चर अलग होता है. इससे साफ है कि ‘फर्जी 2’ के लिए उनकी कीमत और भी ज्यादा बढ़ गई है.
2023 में शाहिद कपूर ने ‘फर्जी’ के साथ अपना डिजिटल डेब्यू किया था और अब वो इसी सीरीज के दूसरे सीजन में अपने लोकप्रिय किरदार में लौटेंगे. सीरीज के निर्माता राज और डीके, जो पहले सीजन में भी थे, इस बार भी इसका निर्देशन करेंगे.‘फर्जी 2’ में लोगों को और भी ज्यादा थ्रिल और ट्विस्ट देखने को मिलेगा.
‘फर्जी 2’ की शूटिंग 2025 के अंत तक शुरू होने की संभावना है. राज और डीके फिलहाल अपने नए प्रोजेक्ट ‘रक्त ब्रह्मांड’ पर काम कर रहे हैं. अपनी मौजूदा कमिटमेंट्स को पूरा करने के बाद वे ‘फर्जी 2’ के प्री-प्रोडक्शन पर ध्यान देंगे. सूत्रों के अनुसार, इस सीजन की मुख्य कहानी पर पहले ही शाहिद कपूर से चर्चा की जा चुकी है.
‘फर्जी 2’ में शाहिद कपूर, विजय सेतुपति और के. के. मेनन के बीच एक हाई-स्टेक्स फेस-ऑफ होगा, जो सीरीज की इंटेंसिटी को और बढ़ा देगा. पहले सीजन की तरह इस सीरीज में भी शानदार अभिनय और दिलचस्प कहानी होगी। पहले सीजन में विजय सेतुपति, राशी खन्ना, भुवन अरोड़ा और काव्या थापर ने अहम भूमिका निभाई थी. अब ‘फर्जी 2’ में ये कलाकार नए अंदाज में नजर आएंगे.
रिलीज डेट की बात करें तो ‘फर्जी 2’ अगले साल के अंत तक रिलीज हो सकती है.