Logo

बेटे और कुमार सानू पर गंदी टिप्पणी से भड़कीं कुनिका सदानंद, ट्रोलर्स को दि चेतावनी, सोशल मीडिया पर मचा बवाल

Kunickaa Sadanand Controversy: सोशल मीडिया पर ट्रोल ने कुनिका सदानंद के बेटे और कुमार सानू पर आपत्तिजनक टिप्पणी की. नाराज एक्ट्रेस ने सख्त प्रतिक्रिया दी और कानूनी कदम के संकेत दिए, जिससे विवाद बढ़ गया.

👤 Samachaar Desk 10 Feb 2026 02:41 PM

Kunickaa Sadanand Controversy: रियलिटी शो बिग बॉस 19 में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस कुनिका सदानंद इन दिनों चर्चा में हैं. वजह उनका कोई नया प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर हुआ एक विवाद है. एक ट्रोल ने उनके बेटे अयान और मशहूर गायक कुमार सानू को लेकर आपत्तिजनक बात लिख दी, जिससे कुनिका का गुस्सा फूट पड़ा.

ये विवाद तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक यूजर ने कुमार सानू और अयान की एक AI से बनाई गई तस्वीर शेयर की. उस तस्वीर के साथ दोनों के चेहरे की तुलना करते हुए गलत और आपत्तिजनक कैप्शन लिखा गया. पोस्ट में कुनिका और तान्या मित्तल की एक पुरानी बातचीत का जिक्र भी किया गया और उस आधार पर कुनिका पर आरोप लगाए गए.

कुनिका ने दिया सख्त जवाब

अपने बेटे और कुमार सानू का नाम इस तरह घसीटे जाने से कुनिका काफी आहत हुईं. उन्होंने साफ कहा कि अब ये सब सहन करने की सीमा से बाहर है. कुनिका ने लिखा कि उनके परिवार और एक सम्मानित कलाकार के नाम को इस तरह इस्तेमाल करना गलत है और वह इस हरकत को यूं ही नहीं छोड़ेंगी. हालांकि बाद में उन्होंने यह पोस्ट हटा ली.

तान्या मित्तल और फॉलोअर्स पर सवाल

कुनिका ने इस पूरे मामले में तान्या मित्तल और उनके समर्थकों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि क्या किसी की लोकप्रियता दूसरों के परिवार पर कीचड़ उछालने से बढ़ती है. कुनिका ने कहा कि इस तरह की सोच समाज के लिए ठीक नहीं है.

फिल्मों में अलग पहचान बना चुकी हैं कुनिका

कुनिका सदानंद लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा रही हैं. उन्होंने साल 1988 में फिल्म कब्रिस्तान से अपने करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद बेटा, गुमराह और खिलाड़ी जैसी फिल्मों में निगेटिव और कॉमिक किरदार निभाकर पहचान बनाई. हाल ही में बिग बॉस 19 में भी उनका बेबाक अंदाज देखने को मिला.

सोशल मीडिया पर दो राय

इस मामले के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है. कई लोग कुनिका के समर्थन में सामने आए हैं और कह रहे हैं कि किसी भी हाल में बच्चों को विवाद में नहीं लाना चाहिए. वहीं, कुछ लोग इसे बेवजह बढ़ता विवाद बता रहे हैं. कुनिका ने कानूनी कदम उठाने के संकेत दिए हैं, जिससे साफ है कि यह मामला अभी शांत होने वाला नहीं है.