Logo

कॉमेडी की लल्ली कैसे बनी इंडिया की ‘हंसाने वाली क्वीन’? जानिए भारती सिंह की पूरी जर्नी!

2 साल की उम्र में पिता को खोने वाली लड़की कैसे बनी इंडिया की सबसे महंगी कॉमेडियन? भारती सिंह की कहानी में छुपे हैं संघर्ष, सफलता और हंसी के वो राज, जो सबको जानने चाहिए!

👤 Samachaar Desk 03 Jul 2025 08:57 AM

बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में कॉमेडियन की बात करें तो मेल एक्टर्स की लंबी लिस्ट तैयार हो जाती है, लेकिन जब बात महिला कॉमेडियंस की हो तो गिनती के नाम ही सामने आते हैं. उन्हीं चुनिंदा नामों में एक नाम है भारती सिंह का- एक ऐसी कलाकार, जिसने अपनी मेहनत, हंसी और हौसले से दर्शकों के दिल में खास जगह बनाई.

भारती सिंह का जन्म 3 जुलाई 1984 को पंजाब के अमृतसर में हुआ था. एक मिडिल क्लास परिवार में पली-बढ़ीं भारती के लिए बचपन आसान नहीं रहा. उनके पिता नेपाली मूल के थे, लेकिन अमृतसर में बस गए थे. जब भारती सिर्फ 2 साल की थीं, तब उनके पिता का निधन हो गया. मां ने तीन बच्चों की परवरिश अकेले की. भारती ने कॉलेज के दिनों से ही कॉमेडी में हाथ आजमाना शुरू किया और वही बन गया उनका करियर का रास्ता.

जब ‘लल्ली’ बन गई हर घर की पहचान

2008 में ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ से भारती ने टेलीविजन पर धमाकेदार एंट्री की. ‘लल्ली’ नाम के किरदार ने उन्हें घर-घर फेमस कर दिया. उसी सीजन में कपिल शर्मा और राजीव ठाकुर जैसे नाम भी उभरे थे. इसके बाद भारती ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा.'कॉमेडी सर्कस', 'कॉमेडी नाइट्स बचाओ' और कई स्टैंड-अप शोज में अपने ह्यूमर से उन्होंने खास मुकाम बनाया.

रियलिटी शोज की जान बनीं भारती

सिर्फ कॉमेडी ही नहीं, भारती सिंह ने ‘नच बलिए’, ‘झलक दिखला जा’, ‘खतरों के खिलाड़ी’ जैसे रियलिटी शोज को होस्ट कर अपनी वर्सेटिलिटी भी साबित की. वे न सिर्फ टीवी बल्कि हिंदी और पंजाबी फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं. इन दिनों वे 'लाफ्टर शेफ 2' को होस्ट कर रही हैं और साथ ही उनके यूट्यूब चैनल पर उनके व्लॉग्स भी दर्शकों के बीच खूब फेमस हैं.

हर्ष के साथ बनी परफेक्ट जोड़ी

भारती की निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही. 3 दिसंबर 2017 को उन्होंने राइटर और होस्ट हर्ष लिम्बाचिया से शादी की, जिन्हें वे लंबे समय से डेट कर रही थीं. 2022 में इनके बेटे लक्ष्य सिंह (निकनेम: गोला) का जन्म हुआ. भारती और हर्ष आज एक साथ यूट्यूब पॉडकास्ट से लेकर कई शोज में भी नजर आते हैं.

मुंबई का आलीशान घर और करोड़ों की कमाई

एक समय था जब भारती आर्थिक तंगी से जूझ रही थीं और आज वे एक शो के लिए लाखों रुपये चार्ज करती हैं. वे मुंबई में एक आलीशान फ्लैट में रहती हैं, खुद का यूट्यूब चैनल चलाती हैं और कई विज्ञापन और ब्रांड से भी कमाई करती हैं. उनके फैन फॉलोइंग का दायरा सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों तक फैला हुआ है.